परिसीमन और महिला आरक्षण बिल को मोदी कैबिनेट की मंजूरी, लोकसभा में 50% बढ़ेंगी सीटें

0
1

नई दिल्ली: लोकसभा में सांसदों की संख्या बढ़ाने की तैयारी के बीच केंद्र सरकार ने एक अहम प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की अधिकतम संख्या 50 प्रतिशत तक बढ़ाने पर सहमति बनी। नई सीमा साल 2050 तक लागू रहने की बात कही गई है। संसद के विशेष सत्र से ठीक पहले आए इस फैसले को महिला आरक्षण और परिसीमन की प्रक्रिया से जोड़कर देखा जा रहा है। संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होगा। इसी दौरान सरकार परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण विधेयक में बदलाव पेश कर सकती है।

लोकसभा सीटों के नए बंटवारे को लेकर खासतौर पर दक्षिण भारत के राज्यों में चिंता जताई जाती रही है। आशंका है कि जनसंख्या के आधार पर परिसीमन होने से उन राज्यों की संसद में हिस्सेदारी प्रभावित हो सकती है, जिन्होंने जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर प्रदर्शन किया है। ऐसे में सीटों की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव इन चिंताओं को कम करने की कोशिश माना जा रहा है।पहले आई रिपोर्टों के मुताबिक, सरकार ऐसा फॉर्मूला तैयार कर रही थी, जिसके तहत राज्यों की मौजूदा अंतर-राज्यीय हिस्सेदारी बनाए रखते हुए सीटों की संख्या 50 प्रतिशत तक बढ़ाई जाए। इसके लिए 1971 की जनगणना को आधार रखने की बात कही गई थी। हालांकि, हर राज्य को कितनी सीटें मिलेंगी, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

महिला आरक्षण विधेयक में बदलाव की तैयारी

सरकार लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाले कानून में संशोधन पर विचार कर रही है। यह कवायद अप्रैल में लोकसभा में संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026 पारित नहीं हो पाने के बाद की जा रही है। पहले प्रस्ताव में महिला आरक्षण लागू करने की प्रक्रिया को परिसीमन से जोड़ा गया था। साथ ही लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर अधिकतम 850 करने का प्रावधान रखा गया था। अब प्रस्तावित बदलावों के जरिए सरकार इस व्यवस्था को आगे बढ़ाने की कोशिश कर सकती है।

संसद के विशेष सत्र का कार्यक्रम

विशेष सत्र की शुरुआत 30 नवंबर को लोकसभा की बैठक से होगी, जबकि राज्यसभा की कार्यवाही 2 दिसंबर से शुरू होगी। सरकारी कामकाज के आधार पर सत्र 3 दिसंबर को समाप्त हो सकता है। इस दौरान महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े प्रस्तावों पर सरकार का अगला कदम अहम रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here