नई दिल्ली: सिर पर गंभीर चोट याददाश्त का पूरी तरह चले जाना और फिर कोमा से जागने पर एक अनजान शख्स का बिस्तर के पास आकर खुद को ‘प्रेमी’ बताना. पहली नजर में यह किसी फिल्मी या रोमांटिक कहानी के स्क्रीनप्ले जैसा लग सकता है. लेकिन अमेरिका से सामने आई यह वास्तविक घटना किसी डरावनी थ्रिलर से कम नहीं है.
हमेशा के लिए करना चाहता था खामोश
लाचार लड़की की खोई हुई याददाश्त का फायदा उठाकर एक अपराधी ने न सिर्फ उसके बॉयफ्रेंड होने का नाटक किया बल्कि उसे हमेशा के लिए खामोश करने की एक खौफनाक साजिश भी रच डाली थी.
10 दिनों तक कोमा में रही ब्रुक
2015 में ब्रुक एक बेहद गंभीर हादसे का शिकार हो गई थीं जब वह करीब 20 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गई. इस दर्दनाक हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोटें आई जिससे उनका दिमागी संतुलन बुरी तरह प्रभावित हुआ और उन्होंने अपनी याददाश्त पूरी तरह खो दी. ब्रुक करीब 10 दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच झूलते हुए कोमा में रहीं. उनके जीवन का सबसे भयानक अध्याय तब शुरू हुआ जब डॉक्टरों ने उन्हें कोमा से बाहर निकाला.
कहां बताया ये खौफनाक अनुभव
ब्रुक ने हाल ही में ‘द सेक्स दैट चेंज्ड माई लाइफ’ नाम के एक मशहूर पॉडकास्ट में इस खौफनाक अनुभव को साझा किया. उन्होंने बताया कि जब उन्हें होश आया तो उनका दिमाग पूरी तरह सुन्न था और वे पहचान नहीं पा रही थीं कि वे कहां हैं. तभी उनके अस्पताल के बिस्तर के पास एक लड़का आया. उसने ब्रुक के करीब झुककर फुसफुसाते हुए कहा मैंने डॉक्टरों और अस्पताल के स्टाफ को बता दिया है कि तुम मेरी गर्लफ्रेंड हो. क्या यह ठीक है? वैसे हम पहले कभी साथ नहीं रहे लेकिन अब हम साथ हैं। इसलिए आज से तुम मेरी गर्लफ्रेंड हो.
बेबसी का फायदा उठाया
याददाश्त जा चुकी होने के कारण ब्रुक को उस लड़के का चेहरा बेहद धुंधला सा याद आ रहा था लेकिन वह कोई विरोध नहीं कर सकीं. आने वाले हफ्तों में उस शख्स ने ब्रुक की इस बेबसी का जमकर फायदा उठाया. वह लगातार झूठ बोलता कि वह उससे मिलने आता रहा है. इतना ही नहीं वह ब्रुक को जबरन असहज करने वाले ब्यूटी ट्रीटमेंट लेने के लिए दबाव डालता था जिससे ब्रुक को शारीरिक रूप से काफी परेशानी होती थी.
कैसे खुला कॉलेज कैंपस का वो खौफनाक राज
इस रहस्यमयी बॉयफ्रेंड के नाटक का पर्दाफाश तब हुआ जब ब्रुक की सबसे पक्की सहेली अपनी पढ़ाई पूरी कर विदेश से वापस लौटी. एक्सीडेंट के वक्त वह देश से बाहर थी. जैसे ही उसने अस्पताल में ब्रुक के साथ उस लड़के को देखा उसके होश उड़ गए. सहेली को देखते ही ब्रुक के दिमाग पर भी जोर पड़ा और पुरानी कड़वी यादें ताजा हो गई. वह लड़का कोई प्रेमी नहीं था बल्कि एक साल पहले उसने उसी कॉलेज कैंपस में ब्रुक की सहेली का यौन उत्पीड़न किया था. ब्रुक इस पूरे मामले की चश्मदीद गवाह थीं.
जान से मारने की थी साजिश
उस लड़के का ब्रुक के करीब आने का मकसद बेहद भयावह था. वह चाहता था कि ब्रुक को पुराना उत्पीड़न का वाकया कभी याद न आए ताकि वह पुलिस और कानूनी कार्रवाई से बचा रहे. जब ब्रुक की याददाश्त लौटने लगी और उन्होंने उसे सीधे तौर पर टोका तो आरोपी डर गया और आनन-फानन में ‘ब्रेकअप’ का नाटक करके वहां से भाग निकला.
हमदर्दी का मुखौटा पहनकर खेला खेल
उसके जाने के बाद ब्रुक की मां ने जो खुलासा किया उसने सबको स्तब्ध कर दिया. मां ने बताया कि जब ब्रुक कोमा में थीं तब वह लड़का उनके पास आया था और कहने लगा था कि अगर ब्रुक की हालत में सुधार नहीं हो रहा है, तो डॉक्टरों को उसका वेंटिलेटर हटा देना चाहिए. यानी वह हमदर्दी का मुखौटा पहनकर ब्रुक को अस्पताल में ही मार डालना चाहता था. इस सच्चाई के सामने आने के बाद ब्रुक ने कानूनी मदद से उस सनकी अपराधी से हमेशा के लिए पीछा छुड़ाया.
















