दिल्ली-NCR में आधी रात मौसम ने बदली करवट, गरज-चमक के साथ भारी बारिश और तेज आंधी से बढ़ी ठंड

0
7

नई दिल्ली: दिल्ली-NCR में रविवार आधी रात मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज गरज-चमक और आंधी के साथ भारी बारिश हुई जो दो घंटे से ज्यादा समय तक जारी रही। दिनभर की गर्मी और उमस के बाद हुई इस बारिश से लोगों को बड़ी राहत मिली और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। सुबह तक ठंड का अहसास होने लगा। मौसम विभाग ने पहले ही दिल्ली में भारी बारिश की संभावना जताई थी।

मानसून की विदाई के बीच हुई तेज बारिश 

मानसून की विदाई के बीच हुई इस बारिश में तेज हवाएं भी चलीं। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना थी, कुछ जगहों पर ओले गिरने की भी आशंका जताई गई थी। रविवार शाम से ही दिल्ली और आसपास के इलाकों में तेज हवा चलने लगी थी और आसमान में बादलों की आवाजाही तेज हो गई थी।

नवरात्र के पहले दिन आयोजकों की बढ़ी चिंता

नवरात्र के पहले दिन हुई इस तेज बारिश ने आयोजकों की चिंता बढ़ा दी है। कालका मंदिर के पास दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं में बारिश के कारण अफरा-तफरी मच गई। लोग खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। एएनआई ने कालका मंदिर का वीडियो भी जारी किया है, जिसमें श्रद्धालु बारिश से बचते दिख रहे हैं।

समाचार एजेंसी एएनआई ने दिल्ली के जंतर-मंतर से भी एक वीडियो जारी किया है, जहां सीजेपी के नेता प्रदर्शन कर रहे थे। भारी बारिश के कारण पूरा रोड खाली हो गया और प्रदर्शन स्थल भी खाली नजर आया।

दिनभर उमस के बाद बदला मौसम

बता दें कि रविवार को दिनभर दिल्ली-NCR में गर्मी और उमस बनी रही, लेकिन शाम होते-होते मौसम बदल गया। तेज हवा के साथ बादल छा गए और आधी रात को तेज बारिश शुरू हो गई। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ घंटों में भी बादल छाए रह सकते हैं। इस बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं नवरात्र पंडालों और मंदिरों में तैयारियों में लगे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here