नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और सड़क पर लगने वाले जाम से लोगों को राहत दिलाने के उद्देश्य से मयूर विहार फेज़-3 में दिल्ली यातायात पुलिस और स्थानीय रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) ने संयुक्त रूप से विशेष अभियान चलाया। इस पहल का उद्देश्य यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के साथ-साथ वाहन चालकों और स्थानीय निवासियों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई
अभियान के तहत रुचिका पेट्रोल पंप के आसपास गलत दिशा में वाहन चलाने और अनुचित स्थान पर वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इन नियमों का उल्लंघन न केवल यातायात की गति को प्रभावित करता है बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ाता है। पुलिस की इस कार्रवाई से सड़क पर अनुशासन कायम करने और आवागमन को व्यवस्थित बनाने का प्रयास किया गया। वहीं दूसरे अभियान के अंतर्गत सेंट मैरी स्कूल के निकट प्रगति मार्ग पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में कदम उठाए गए। स्कूल के आसपास वाहनों की आवाजाही को सुचारु रखना विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण है।
मयूर विहार फेज़-3 को बनाना है जाम मुक्त
ईस्टर्न रेंज यातायात पुलिस आयुक्त श्वेता चौहान की निगरानी में इस विशेष पहल में सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) अमरीक सिंह बिर्धी, कल्याणपुरी यातायात निरीक्षक विनय सिंह, तीन यातायात जोन अधिकारियों और चार अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका रही। स्थानीय आरडब्ल्यूए के सहयोग ने इस अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने का काम किया। डीसीपी का संदेश नियमों का सम्मान, सुरक्षित सफर की पहचान। मयूर विहार फेज़-3 को जाम मुक्त बनाने के लिए यातायात पुलिस की निरंतर कार्रवाई और नागरिकों का सहयोग बेहद जरूरी है।
Reported By: Pankaj Rai












