नई दिल्ली: लखनऊ में कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में अब परतें एक-एक कर खुलने लगी हैं। हत्या की आरोपी मॉडल और ब्लॉगर श्रद्धा दुबे वारदात के बाद से फरार है, लेकिन बताया जा रहा है कि भागने से पहले उसने कई रसूखदार लोगों को फोन कर मदद मांगी थी। अब पुलिस की नजर उन सभी पर टिक गई है।
पुलिस ने फरार श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर दानिश उर्फ तनवीर को पकड़ने के लिए 10 टीमें लगाई हैं। तीनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम भी रखा गया है। पुलिस उपायुक्त मध्य विक्रांत वीर के मुताबिक, टीमें लखनऊ और आसपास के जिलों में लगातार दबिश दे रही हैं। कई संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ चल रही है। पुलिस ने श्रद्धा की मदद करने वालों की सूची भी तैयार कर ली है।
किन-किन से मांगी मदद
जानकारी के अनुसार, श्रद्धा ने वारदात के बाद जिन लोगों को फोन किया, उनमें बड़े बिल्डर, जानी-मानी हस्तियां और इवेंट कंपनी चलाने वाले लोग शामिल हैं। श्रद्धा और उसकी बहन की कॉल डिटेल खंगालकर पुलिस ने 20 मोबाइल नंबर छांटे हैं। माना जा रहा है कि इन्हीं नंबरों पर मदद के लिए संपर्क किया गया। इनमें से कुछ लोगों को हिरासत में लेने की भी बात कही जा रही है। दोनों बहनों के नेपाल भाग जाने की चर्चा भी है। इसे देखते हुए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर बहराइच, नवतनवा और पीलीभीत की सीमा पर पुलिस और अर्धसैनिक बलों को सतर्क कर दिया गया है। इसके अलावा एयरपोर्ट प्रशासन को भी श्रद्धा की फोटो और जानकारी भेजी गई है। अगर इस नाम का कोई व्यक्ति यात्रा के लिए पहुंचता है या दस्तावेजों में यह नाम सामने आता है, तो तुरंत हजरतगंज पुलिस को खबर देनी होगी।
वायरल ऑडियो और मां के आरोप
मंगलवार को एक ऑडियो वायरल हुआ, जिसमें श्रद्धा कथित तौर पर किसी अफसर से जान-पहचान का हवाला देकर शिवा को जेल भिजवाने की धमकी देती सुनाई देती है। हालांकि इस ऑडियो की पुष्टि नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि वह झूठे केस में फंसाने की धमकी देती थी और शिवा के साथ मारपीट भी करती थी।
शिवा और श्रद्धा लिव-इन में रहते थे। पिछले हफ्ते शिवा की सोसाइटी के फ्लैट से गिरने के बाद मौत हो गई थी। गिरते समय उनके शरीर पर सिर्फ अंडरवियर था। शिवा की मां रंजना ने आरोप लगाया है कि श्रद्धा और अन्य लोगों ने उनके बेटे को ऊपर से फेंक दिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि श्रद्धा ने बेटे को झूठे मुकदमे में फंसाया, सिगरेट से जलाया और माफिया तथा कई नामचीन लोगों से धमकियां दिलवाईं। रंजना ने श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि समेत चार लोगों के खिलाफ हजरतगंज कोतवाली में हत्या का केस दर्ज कराया है। घटना के बाद से सभी आरोपी फरार हैं।
फ्लैट से मिलीं आपत्तिजनक चीजें
पुलिस के मुताबिक, श्रद्धा के फ्लैट की तलाशी में कई आपत्तिजनक सामान मिले। इनमें सेक्स टॉय, शक्तिवर्धक दवाएं और नशीली गोलियां शामिल हैं। बताया जा रहा है कि फ्लैट से अवैध गतिविधियां चलाई जा रही थीं और श्रद्धा के कई कारोबारियों और बिल्डरों से संपर्क थे। ये बातें अभी जांच का हिस्सा हैं और पुलिस इनकी पड़ताल कर रही है।












