रतिया: पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सदर रतिया पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस चौकी बाह्मणवाला की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक महिला को 6.12 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) सहित काबू किया है। आरोपी महिला की पहचान जसविन्द्र कौर पत्नी जोगिन्द्र सिंह निवासी गांव नंगल, जिला फतेहाबाद के रूप में हुई है। आरोपिया को माननीय न्यायालय में पेश किया जायेगा।
गश्त के दौरान नशा तस्करी की गुप्त सूचना और पुलिस की घेराबंदी
थाना सदर रतिया प्रभारी उप निरीक्षक शीशपाल ने बताया कि पुलिस चौकी बाह्मणवाला प्रभारी एएसआई अमर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए गांव नंगल क्षेत्र में गश्त पर मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि गांव नंगल निवासी एक महिला नशीले पदार्थ बेचने का काम करती है और गांव नंगल से हाकमवाला की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर आने वाली है।
संदिग्ध महिला काबू, 6.12 ग्राम हेरोइन बरामदगी पर एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने गांव नंगल के नजदीक हाकमवाला कच्चे रास्ते पर निगरानी शुरू की। इसी दौरान गांव नंगल की तरफ से पैदल आ रही एक महिला पुलिस टीम को देखकर वापस मुड़कर तेज कदमों से जाने लगी। संदेह होने पर पुलिस टीम ने महिला कर्मचारी की सहायता से उसे काबू कर लिया। पुलिस द्वारा पूछताछ के दौरान महिला ने अपना नाम जसविन्द्र कौर बताया। इस दौरान महिला के हाथ से एक पारदर्शी पाउच जमीन पर गिर गया। पुलिस टीम द्वारा नियमानुसार जांच करने पर पाउच से 6.12 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी महिला के खिलाफ थाना सदर रतिया मेंमुकदमा नम्बर 221 दिनांक 13.10.2026 धारा 21B-61-85 NDPS एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। मामले की गहनता से जांच जारी है।
Reported By: Rimpi Jindal












