पटना: बिहार के गयाजी से रिश्तों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक पर अपने ही पिता की हत्या करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, पिता उसके प्रेम संबंध का विरोध करते थे, जिसको लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। करीब 20 दिन तक फरार रहने के बाद पुलिस ने आरोपी बेटे चंदन को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने कथित तौर पर हत्या की बात स्वीकार की है। पुलिस अब इस मामले में उसकी प्रेमिका की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पिता को डायलिसिस के लिए ले जाने की बात कहकर निकला था बेटा
पुलिस के अनुसार, गयाजी के विष्णुपद थाना क्षेत्र की नई सड़क के रहने वाले चंदन 24 सितंबर को अपने पिता कृष्णा गुप्ता को डायलिसिस कराने के लिए मगध मेडिकल अस्पताल ले जाने की बात कहकर घर से निकले थे। इसके बाद पिता-पुत्र दोनों वापस नहीं लौटे। चंदन की मां गीता देवी ने पुलिस में दोनों के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी।
27 सितंबर को ओटीए के पास एक पहाड़ी पर कृष्णा गुप्ता का शव मिला। हालांकि, उस समय चंदन का कोई सुराग नहीं मिल पाया था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी।
प्रेम संबंध को लेकर होता था विवाद
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि चंदन का अपने से अधिक उम्र की एक शादीशुदा महिला से प्रेम संबंध था। बताया गया है कि वह महिला के साथ संबंध को लेकर पिता के विरोध से नाराज था। पुलिस का आरोप है कि इसी विवाद के चलते उसने अपने पिता की हत्या की। चंदन ने करीब आठ साल पहले अपने हाथ पर प्रेमिका का नाम भी गुदवाया था।
पुलिस के मुताबिक, महिला पर चंदन से पैसे लेने और उसकी एक कट्ठा जमीन अपने नाम कराने की इच्छा रखने का भी आरोप है। कृष्णा गुप्ता कथित तौर पर इस बात का विरोध करते थे। हालांकि, मामले में महिला की भूमिका की जांच अभी जारी है और उसके खिलाफ लगाए गए आरोपों की पुष्टि होना बाकी है।
तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस
हत्या के बाद चंदन कथित तौर पर लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। मामले की जांच के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम बनाई गई। तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। अधिकारियों के अनुसार, आरोपी की प्रेमिका की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।












