CJP के तिरंगा मार्च से पहले आधी रात में हुआ जमकर ड्रामा, संसद मार्ग थाने के बाहर NSUI ने किया जमकर प्रदर्शन

0
12

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित तिरंगा मार्च से पहले गुरुवार देर रात माहौल गरमा गया। संसद मार्ग थाने के बाहर NSUI के कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया। संगठन के सदस्यों का आरोप है कि दिल्ली पुलिस की एक महिला अधिकारी ने उनकी महिला कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की। इसी मामले में एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया गया। NSUI का दावा है कि प्रदर्शन के दौरान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ समेत कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया।

NSUI के मुताबिक, संगठन के कार्यकर्ता महिला सदस्यों के साथ कथित मारपीट की शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचे थे। उनका कहना है कि इससे पहले वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से भी संपर्क किया गया, लेकिन एफआईआर दर्ज नहीं हुई। इसके बाद कार्यकर्ता संसद मार्ग थाने के बाहर धरने पर बैठ गए।

महिला कार्यकर्ताओं से मारपीट का आरोप

NSUI अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने आरोप लगाया कि महिला कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की गई और कुछ सदस्यों को एक अंधेरे कमरे में ले जाकर जूते-बूट से पीटा गया। उन्होंने कहा कि संगठन केवल शिकायत दर्ज कराने पहुंचा था, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई। हालांकि, इन आरोपों पर पुलिस का पक्ष सामने आना बाकी है।

संगठन के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी रवि पांडे ने भी हिरासत की कार्रवाई पर सवाल उठाए। NSUI ने मामले में एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।

CJP के मार्च को लेकर दिल्ली पुलिस अलर्ट

इस बीच, CJP संस्थापक अभिजीत दिपके ने शुक्रवार शाम पांच बजे कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में तिरंगा मार्च निकालने की अपील की है। पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित अनियमितताओं के विरोध में प्रदर्शन करना चाहती है।

दिल्ली पुलिस ने कनॉट प्लेस और आसपास के क्षेत्रों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत लागू प्रतिबंधों का हवाला देते हुए लोगों से वहां जुटने से बचने की अपील की है। वहीं, नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने 16 और 17 अक्टूबर को सेंट्रल पार्क बंद रखने की घोषणा की है। दिपके ने भी दावा किया है कि उन्हें हिरासत में लिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि तिरंगा फहराने के लिए जेल जाने से भी पीछे नहीं हटेंगे। फिलहाल, दोनों घटनाक्रमों के बीच राजधानी में पुलिस की सतर्कता बढ़ गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here