सड़क से बाजार तक सफाई का अभियान, डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने खुद संभाली कमान

0
7

नई दिल्ली: वर्दी पहनकर कानून-व्यवस्था संभालने वाली दिल्ली पुलिस शुक्रवार को एक अलग अंदाज में नजर आई। हाथ में डंडे की जगह झाड़ू थी और मकसद था आनंद विहार को स्वच्छता का संदेश देना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता अभियान के आह्वान के तहत देशभर में चल रहे स्वच्छता कार्यक्रमों की कड़ी में शाहदरा जिले की पुलिस ने आनंद विहार थाना क्षेत्र स्थित मार्केट में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया।

अभियान की शुरुआत शाहदरा जिले के पुलिस उपायुक्त राजेंद्र प्रसाद मीणा ने स्वयं सफाई कर की। डीसीपी के हाथ में झाड़ू देखकर पुलिसकर्मियों ने भी पूरे उत्साह के साथ सफाई अभियान में हिस्सा लिया। देखते ही देखते पुलिस अधिकारी और जवान बाजार की साफ-सफाई में जुट गए। अभियान के दौरान बाजार और आसपास के हिस्सों में स्वच्छता को लेकर लोगों को जागरूक भी किया गया।

इस मौके पर विवेक विहार के सहायक पुलिस आयुक्त पवन कुमार, आनंद विहार थाना प्रभारी मनीष कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिसकर्मियों ने सफाई के साथ-साथ आम लोगों को भी अपने आसपास गंदगी नहीं फैलाने और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने के लिए प्रेरित किया।

‘स्वच्छता एक दिन का अभियान नहीं’

डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने कहा कि आनंद विहार थाना क्षेत्र के मार्केट में स्वच्छता अभियान चलाने का उद्देश्य केवल सफाई करना ही नहीं, बल्कि लोगों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना पैदा करना भी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को किसी एक दिन या विशेष अभियान तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। घर, बाजार, सड़क और सार्वजनिक स्थानों की सफाई पूरे वर्ष नियमित रूप से होनी चाहिए।

उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास साफ-सफाई रखें, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालें और दूसरों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करें। पुलिस का संदेश साफ था कि स्वच्छ सड़क और स्वच्छ बाजार केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के हर व्यक्ति की साझा जिम्मेदारी है।

खाकी का नया अंदाज, सफाई के साथ जागरूकता का संदेश

आनंद विहार मार्केट में हुए इस अभियान ने पुलिस और आम जनता के बीच संवाद का एक अलग माध्यम भी तैयार किया। कानून-व्यवस्था के साथ सामाजिक जिम्मेदारी निभाती पुलिस ने लोगों को यह संदेश देने का प्रयास किया कि स्वच्छता से जुड़ी छोटी-छोटी आदतें शहर को साफ रखने में बड़ी भूमिका निभाती हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here