नई दिल्ली: आसमान में उड़ते पवनपुत्र हनुमान, कंधों पर विराजमान प्रभु श्रीराम और लक्ष्मण, हजारों श्रद्धालुओं का उत्साह और चारों ओर गूंजता जय श्रीराम का उद्घोष! लाल किला मैदान में आयोजित लव कुश रामलीला में शुक्रवार की शाम भक्ति रोमांच और अद्भुत नाटकीयता का ऐसा संगम देखने को मिला कि पूरा लीला परिसर राममय हो उठा। जैसे ही सोने की विशाल लंका आग की लपटों में घिरी, आसमान तक गूंजते जय श्रीराम के नारों के बीच दर्शक इस भव्य दृश्य के साक्षी बन गए।
आकाश मार्ग से आए हनुमान, लंका दहन का दृश्य देख रोमांचित हुए भक्त
देश-विदेश में विख्यात लव कुश रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने बताया कि विशाल क्रेनों की सहायता से लगभग 250 फीट की ऊंचाई पर आकाश मार्ग से हनुमान जी का भव्य प्रवेश कराया गया। उनके कंधों पर प्रभु श्रीराम और लक्ष्मण को विराजमान देखकर लीला स्थल पर मौजूद हजारों रामभक्त रोमांचित हो उठे। हर तरफ मोबाइल कैमरों की चमक दिखाई देने लगी और दर्शकों ने इस अनूठे दृश्य को अपने कैमरों में कैद किया। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो पूरा मैदान आस्था के प्रकाश से जगमगा उठा हो। इसके बाद जैसे ही पवनपुत्र हनुमान ने सोने की लंका में अग्नि लगाई लपटों के बीच लंका दहन का दृश्य जीवंत हो उठा। चारों ओर गूंजते जय श्रीराम के गगनभेदी उद्घोष ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। रामलीला का यह प्रसंग दर्शकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा।
रामलीला के मंच पर जीवंत हुई रामकथा
लीला मंच पर प्रभु श्रीराम और माता शबरी की भेंट, राम-सुग्रीव मित्रता, बाली वध, सीता की खोज, लंकनी से भेंट, रावण-सीता संवाद, अक्षय कुमार वध, रावण-हनुमान संवाद और लंका दहन जैसे महत्वपूर्ण प्रसंगों का भव्य एवं प्रभावशाली मंचन किया गया। कलाकारों के अभिनय, सजीव संवादों और आकर्षक मंच सज्जा ने दर्शकों को रामायण के प्रसंगों से जोड़ दिया।
गणमान्य अतिथियों ने लिया प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद
इस अवसर पर दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता तथा असम सरकार के स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल लीला स्थल पहुंचे। उन्होंने रामलीला का अवलोकन किया और प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद लिया। कमेटी के महासचिव सुभाष गोयल ने बताया कि लीला स्थल पर पधारे अतिथियों को कमेटी की ओर से स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान आयोजन की भव्यता और धार्मिक-सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के प्रयासों की झलक भी देखने को मिली। कार्यक्रम में पवन गुप्ता, सत्यभूषण जैन, अखिल सिंघल, बृजमोहन गोयल, अंकुर गोयल, गौरव सूरी, प्रवीण गोयल और संदीप भूटानी सहित कमेटी के अन्य पदाधिकारी तथा अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Reported By: Pankaj Rai












