बांग्लादेश के पूर्व वायुसेना प्रमुख शेख अब्दुल हन्नान कतर में गिरफ्तार, भ्रष्टाचार के आरोपों में थी तलाश

0
6

नई दिल्ली: बांग्लादेश के पूर्व वायुसेना प्रमुख शेख अब्दुल हन्नान को भ्रष्टाचार के आरोप में कतर में गिरफ्तार किया गया है। बता दें कि अब्दुल हन्नान यात्रा प्रतिबंध के बावजूद देश छोड़कर निकल गए थे, हालांकि अब उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। अधिकारियों ने रविवार को इसकी जानकारी दी।बांग्लादेश के भ्रष्टाचार विरोधी आयोग (एसीसी) के उप निदेशक मोहम्मद अख्तरुल इस्लाम के मुताबिक, हन्नान को कतर के अधिकारियों ने 15 अक्टूबर को हिरासत में लिया था। आयोग को इंटरपोल ने ईमेल के जरिए इसकी औपचारिक सूचना दी। उन्होंने कहा कि इंटरपोल से बताया गया है कि कतर की कानून प्रवर्तन एजेंसी ने उन्हें उसी दिन हिरासत में लिया।

एसीसी का आरोप है कि हन्नान ने अपनी ज्ञात आय के स्रोतों से परे 3.28 करोड़ टका से ज्यादा की संपत्ति जुटाई। इसके अलावा छह निजी बैंक खातों से 27.63 करोड़ टका के संदिग्ध लेनदेन किए गए। जांच के आधार पर आयोग ने पिछले साल जुलाई में भ्रष्टाचार विरोधी आयोग अधिनियम, धन शोधन निवारण अधिनियम और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आरोप दायर करने की मंजूरी दी थी। इस मामले में हन्नान की पत्नी भी आरोपी हैं। उन पर पति की मदद से ज्ञात आय से अधिक 1.91 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति बनाने का आरोप है। एसीसी को उनके नाम के 32 बैंक खातों में 1.18 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन भी मिले हैं। जांचकर्ताओं ने हन्नान की कथित विदेशी संपत्ति का पता कनाडा और दुबई में लगाया है। तीन अलग-अलग देशों में उनके बच्चों के नाम पर पंजीकृत संपत्तियां भी मिली हैं।

अदालत की कार्रवाई

मार्च में एसीसी के दो अलग-अलग आवेदनों पर ढाका की अदालत ने हन्नान और उनकी पत्नी के आयकर रिकॉर्ड जब्त करने का आदेश दिया था। अदालत ने उनके दो अपार्टमेंट जब्त करने और बैंक खाते फ्रीज करने का निर्देश भी दिया था। एसीसी के अनुसार, सक्रिय यात्रा प्रतिबंध के बावजूद हन्नान बांग्लादेश से निकलने में कामयाब रहे।

कौन हैं हन्नान

हन्नान 1984 में बांग्लादेश वायु सेना में जनरल ड्यूटी पायलट के रूप में कमीशन हुए थे। उन्होंने 12 जून 2021 को वायु सेना के 16वें चीफ ऑफ एयर स्टाफ का पद संभाला और 11 जून 2024 को सेवानिवृत्त हुए।

नौसेना के पूर्व प्रमुख पर भी मामले

अखबारों की खबरों के अनुसार, नौसेना के पूर्व प्रमुख एडमिरल मोहम्मद नजमुल हसन भी भ्रष्टाचार के मामलों का सामना कर रहे हैं और फिलहाल विदेश में हैं। हालांकि किसी अदालत ने उनके खिलाफ यात्रा प्रतिबंध जारी नहीं किया है। हन्नान और हसन, दोनों को अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के अवामी लीग शासनकाल में सेवा प्रमुख बनाया गया था। हन्नान ने उसी सरकार के दौरान कार्यकाल पूरा किया, जबकि हसन मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार के समय सेवानिवृत्त हुए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here