बिजनौर: शादी में 25 लाख रुपये खर्च हुए, फिर भी ससुराल में बेटी को सुकून नहीं मिला। उत्तर प्रदेश के बिजनौर में एक विवाहिता ने अपने ससुराल वालों पर दहेज की मांग, मारपीट और गलत काम के लिए दबाव बनाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। उसकी शिकायत पर पुलिस ने पति और ससुर समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
मामला बिजनौर के हीमपुरदीपा थाना क्षेत्र के एक गांव का है। नगीना थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती की शादी यहां के एक युवक से हुई थी। महिला के मुताबिक, उसके मायके वालों ने शादी में करीब 25 लाख रुपये खर्च किए थे। परिवार को उम्मीद थी कि बेटी नए घर में खुश रहेगी, लेकिन कुछ ही समय बाद ससुराल में विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि ससुराल वाले उससे पांच लाख रुपये और एक कार की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। महिला का कहना है कि उसका पति कोई काम नहीं करता, जबकि ससुर सरकारी नौकरी में हैं और घर का खर्च उन्हीं पर निर्भर है।
पति की बीमारी को लेकर गंभीर आरोप
विवाहिता ने अपनी शिकायत में पति की सेहत को लेकर भी गंभीर बातें कही हैं। उसका आरोप है कि पति नपुंसक है और मानसिक रूप से भी बीमार रहता है। महिला के मुताबिक, पति का इलाज कराने के बजाय उसके ससुर इस स्थिति का फायदा उठाकर उस पर गलत संबंध बनाने का दबाव डालते हैं। महिला का दावा है कि जब उसने यह बात पति को बताई, तो उसे सहारा देने के बजाय उसके साथ मारपीट की गई।
घर से निकाला, फिर लौटी तो फिर हुई मारपीट
विवाहिता का आरोप है कि दहेज की मांग को लेकर पति, सास, ससुर, तहेरे ससुर, ममेरे ससुर, जेठ और ननद उसके साथ मारपीट करते थे। उसका कहना है कि ससुराल वालों ने उसे घर से बाहर निकाल दिया था। इसके बावजूद उसने वैवाहिक जीवन बचाने की कोशिश की और 5 अक्टूबर को अकेले ही ससुराल लौट गई। शिकायत के मुताबिक, वहां पहुंचने पर उसके साथ फिर मारपीट की गई और उसे परेशान किया गया।
महिला ने एक और गंभीर आरोप लगाया है। उसका कहना है कि 15 अक्टूबर को जब वह कपड़े बदल रही थी, तब उसका वीडियो बनाया गया। उसका आरोप है कि ससुराल वाले उस पर गलत काम के लिए दबाव बनाना चाहते हैं और लगातार परेशान कर रहे हैं।












