Dussehra 2026: 20 या 21 अक्टूबर को मनाया जाएगा दशहरा? जानें सही तारीख और शुभ मुहूर्त

0
6

नई दिल्ली: दशहरा यानी विजयादशमी का त्योहार बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। इस साल दशहरे की तारीख को लेकर लोगों के बीच असमंजस है। कुछ लोग 20 अक्टूबर को पर्व मनाने की तैयारी कर रहे हैं, जबकि पश्चिम बंगाल में 21 अक्टूबर को विजयादशमी मनाई जाएगी। इसकी वजह दशमी तिथि का दो दिनों तक रहना है। ऐसे में पूजा-पाठ और रावण दहन की तैयारी करने से पहले सही तारीख और शुभ मुहूर्त जानना जरूरी है।

हिंदू पंचांग के अनुसार, उत्तर भारत के ज्यादातर हिस्सों में दशहरा मंगलवार, 20 अक्टूबर 2026 को मनाया जाएगा। वहीं, पश्चिम बंगाल में स्थानीय परंपराओं के अनुसार 21 अक्टूबर को विजयादशमी मनाई जाएगी। इस दिन मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाता है और सिंदूर खेला जैसी रस्में निभाई जाती हैं। नई दिल्ली में दशमी तिथि 20 अक्टूबर को दोपहर 12 बजकर 50 मिनट पर शुरू होगी और 21 अक्टूबर को दोपहर 2 बजकर 11 मिनट पर समाप्त होगी। तिथि दो दिन रहने के कारण अलग-अलग क्षेत्रों में पर्व मनाने की तारीख में अंतर देखने को मिल सकता है।

दशहरा 2026 पूजा का शुभ मुहूर्त

नई दिल्ली में 20 अक्टूबर को विजय मुहूर्त दोपहर 1 बजकर 59 मिनट से 2 बजकर 45 मिनट तक रहेगा। वहीं, अपराह्न पूजा का समय दोपहर 1 बजकर 19 मिनट से 3 बजकर 37 मिनट तक बताया गया है। इस दौरान लोग भगवान श्रीराम, मां दुर्गा और शस्त्रों की पूजा करते हैं। दूसरे शहरों में मुहूर्त अलग हो सकता है, इसलिए पूजा से पहले स्थानीय पंचांग से समय की पुष्टि जरूर करें।

रावण दहन और दशहरे का धार्मिक महत्व

उत्तर भारत में 20 अक्टूबर की शाम को रामलीला के समापन के बाद रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा। आमतौर पर रावण दहन सूर्यास्त के बाद होता है, लेकिन इसका समय स्थानीय आयोजकों के कार्यक्रम के अनुसार तय किया जाता है।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान श्रीराम ने दशहरे के दिन रावण का वध कर माता सीता को मुक्त कराया था। वहीं, मां दुर्गा की महिषासुर पर विजय भी इस पर्व से जुड़ी है। दशहरे पर शस्त्र पूजन, शमी पूजा और वाहनों व औजारों की पूजा करने की परंपरा है। यह त्योहार सत्य, साहस और धर्म की जीत का संदेश देता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here