नई दिल्ली: दिवाली और छठ से पहले घरेलू हवाई किराया आसमान छू रहा है। इसी बीच कई यात्री सोशल मीडिया पर टिकट के स्क्रीनशॉट शेयर कर रहे हैं, जहां घर जाने का किराया मालदीव या बैंकॉक जाने से भी महंगा पड़ रहा है। इंस्टाग्राम पर यूजर्स घरेलू और इंटरनेशनल किराए की तुलना कर रहे हैं। इसी बीच एक यूजर @munni_roy_15 ने मुंबई-गुवाहाटी रूट का किराया शेयर किया जो 22 हजार से 43 हजार रुपये तक था। इस पर उन्होंने लिखा, “किफायती उड़ानों का समय खराब है, सुविधाजनक उड़ानों का किराया बहुत ज्यादा। मुझे बस घर जाना है, स्विट्जरलैंड नहीं।”
समझ नहीं आ रहा घर जाऊं या थाईलैंड: यूजर
बेंगलुरु-श्रीनगर रूट पर भी यही हाल है। यूजर @burgerbanditx ने बताया कि श्रीनगर का टिकट 19 हजार रुपये है, जबकि मालदीव का टिकट 13 हजार में मिल रहा है। उनका कैप्शन था – “घर जाने से सस्ता तो मालदीव जाना है।” पुणे से पटना का टिकट 32 हजार रुपये पहुंच गया, जबकि पुणे से बैंकॉक का किराया सिर्फ 14,451 रुपये है। यूजर @unfiltered_100rabh ने लिखा, “समझ नहीं आ दिवाली पर घर जाऊं या बैंकॉक।” वहीं @princebharti.09 ने बेंगलुरु-पटना का 25,353 रुपये और बेंगलुरु-बैंकॉक का 19,122 रुपये किराया दिखाया।
सबसे मजेदार पोस्ट @rashional_ की रही, जिन्होंने बेंगलुरु-दिल्ली राउंड ट्रिप का 30 हजार किराया शेयर कर लिखा – “सोचा था आईफोन खरीदूंगी, अब किडनी बेचकर दिवाली पर घर जा रही हूं।”
क्यों बढ़ रहा है किराया?
बता दें, किराया बढ़ने की सबसे बड़ी वजह मांग और सप्लाई का गैप है। त्योहार पर ट्रेनें फुल हैं, लाखों लोग बिहार, यूपी और पूर्वी राज्यों की ओर लौट रहे हैं। एयरलाइंस की उड़ानें सीमित हैं और डायनामिक प्राइसिंग से किराया तेजी से बढ़ रहा है। ट्रैवल एजेंट्स का कहना है कि दिवाली नजदीक आते ही दाम और बढ़ेंगे। आम लोगों के लिए त्योहार पर घर जाना अब लग्जरी बन गया है। लोग मजाक में कह रहे हैं कि इस बार दिवाली बैंकॉक में मना लें, लेकिन परिवार की अहमियत का कोई विकल्प नहीं।












