सिर्फ 2 सीटी में बनाएं बाजार जैसे स्पंजी रसगुल्ले, शेफ यमन की आसान ट्रिक करेगी कमाल

0
5

नई दिल्लीः त्योहार हो या घर पर कुछ मीठा खाने का मन, रसगुल्ले हर मौके पर पसंद किए जाते हैं। लेकिन इन्हें घर पर बनाते समय अक्सर लोगों को डर रहता है कि कहीं ये सख्त न हो जाएं। शेफ यमन अग्रवाल ने रसगुल्ले बनाने का एक आसान तरीका शेयर किया है, जिसमें प्रेशर कुकर में सिर्फ दो सीटी लगाकर इन्हें तैयार किया जा सकता है।

अगर आपको भी नरम और रस से भरे रसगुल्ले पसंद हैं, तो यह रेसिपी आप जरूर ट्राई कर सकते हैं। इसे बनाने के लिए आपको पांच पैकेट गाय का दूध, एक चम्मच नींबू का रस, एक चम्मच सूजी, दो कप चीनी और छह कप पानी की जरूरत होगी। स्वाद और खुशबू के लिए चाहें तो थोड़ा गुलाब जल भी इस्तेमाल कर सकते हैं।

सबसे पहले छेना तैयार करें 

रसगुल्ले बनाने के लिए सबसे पहले एक बर्तन में दूध उबाल लें। उबाल आने पर गैस बंद कर दें और दूध को थोड़ा ठंडा होने दें। अब पानी में नींबू का रस मिलाकर धीरे-धीरे दूध में डालें। इसे लगातार चलाते रहें। कुछ देर में दूध फट जाएगा और छेना अलग हो जाएगा। इसके बाद छेने को साफ पानी से धो लें, ताकि नींबू का खट्टापन निकल जाए। अब इसे सूती कपड़े में बांधकर 15-20 मिनट के लिए लटका दें, जिससे बचा हुआ पानी निकल जाए।

ध्यान रखें कि छेना न ज्यादा गीला हो और न ही पूरी तरह सूखा हो। अब तैयार छेने में एक चम्मच सूजी डालकर अच्छी तरह मसलें। इसे तब तक मिलाएं, जब तक मिश्रण चिकना न हो जाए। इसके बाद छेने से छोटी-छोटी गोल बॉल्स बना लें। ध्यान रखें कि बॉल्स में दरारें न हों, वरना पकाते समय रसगुल्ले टूट सकते हैं।

कुकर में दो सीटी लगाकर पकाएं रसगुल्ले

अब प्रेशर कुकर में दो कप चीनी और छह कप पानी डालकर उबालें। जब चीनी अच्छी तरह घुल जाए और चाशनी उबलने लगे, तब इसमें रसगुल्लों की बॉल्स डाल दें। कुकर का ढक्कन बंद करके दो सीटी आने तक पकाते रहे। इसके बाद आंच धीमी कर दें और करीब पांच मिनट तक और पकने दें। फिर गैस बंद कर दें और कुकर का प्रेशर अपने आप निकलने दें। प्रेशर पूरी तरह निकलने के बाद ही ढक्कन को खोलें।

लीजिए, आपके सॉफ्ट और रसदार रसगुल्ले तैयार हैं। इन्हें कुछ देर चाशनी में ही रहने दें, ताकि मिठास अच्छी तरह अंदर तक पहुंच जाए। त्योहारों पर घर आए मेहमानों को ये रसगुल्ले परोस सकते हैं या फिर अपनी मीठा खाने की क्रेविंग को घर पर ही अब पूरा कर सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here