नई दिल्ली: लग्जरी गाड़ियों पर नजर, चोरी की कारों को ठिकाने लगाने का नेटवर्क और फिर उनके पुर्जों को खपाने की साजिश! रोहिणी जिला पुलिस ने वाहन चोरों के ऐसे ही कथित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की चार गाड़ियां—किआ सेल्टोस, हुंडई क्रेटा, स्कॉर्पियो-एन और मारुति ब्रेजा बरामद की हैं। इसके अलावा चोरी की गाड़ियों के पुर्जे ढोने में इस्तेमाल होने वाला टाटा इंट्रा टेंपो, दो चोरी की नंबर प्लेट और औजार भी जब्त किए गए हैं।
गाड़ी चोरी से लेकर पुर्जे खपाने तक का नेटवर्क
रोहिणी जिला डीसीपी शशांक जायसवाल ने बताया कि थाना नॉर्थ रोहिणी में किआ सेल्टोस की चोरी के मामले में ई-एफआईआर दर्ज होने के बाद वाहन चोरों की तलाश तेज की गई। इसी दौरान एएटीएस टीम को सूचना मिली कि कंझावला के सावदा गांव स्थित एक गोदाम में चोरी की गाड़ी को खोलकर उसके पुर्जे अलग किए जा रहे हैं। पुलिस ने जाल बिछाकर विजय उर्फ भैयालाल और कमलेश को गिरफ्तार किया। मौके से आंशिक रूप से खोली गई किआ सेल्टोस टाटा इंट्रा टेंपो, औजार और नंबर प्लेट बरामद हुईं।
पूछताछ और आगे की जांच में पुलिस ने चोरी की स्कॉर्पियो-एन बरामद की। इसके बाद पंजाब के फाजिल्का से अमरजीत सिंह उर्फ चुसी को गिरफ्तार किया गया जिसकी निशानदेही पर चोरी की हुंडई क्रेटा मिली। वहीं, 14 अक्टूबर को अमरजीत की निशानदेही पर अजहर को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर चोरी की मारुति ब्रेजा बरामद की गई।
किसी का गैराज से नाता, तो कोई करता था स्पेयर पार्ट्स का कारोबार
पुलिस के मुताबिक विजय और कमलेश कार मरम्मत की दुकानों में मजदूर या सहायक के रूप में काम करते थे। अमरजीत सिंह कारों के स्पेयर पार्ट्स का कारोबार करता था जबकि अजहर बेरोजगार था। पुलिस के अनुसार, विजय पहले दो आपराधिक मामलों में, अमरजीत और अजहर नौ-नौ मामलों में शामिल रह चुके हैं। अजहर थाना पंजाबी बाग का घोषित हिस्ट्रीशीटर बताया गया है।
पांच आपराधिक मामले सुलझाने का दावा
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी से पांच आपराधिक मामलों का खुलासा हुआ है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश और चोरी के अतिरिक्त वाहनों की बरामदगी के लिए जांच जारी है।
ऑपरेशन में शामिल पुलिस टीम
यह कार्रवाई एएटीएस रोहिणी की टीम ने इंस्पेक्टर मुकेश के नेतृत्व और एसीपी ऑपरेशंस अजमेर सिंह की निगरानी में की। गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई में इंस्पेक्टर राजीव कुमार, हेड कांस्टेबल राजेंद्र, हेड कांस्टेबल दीपक और कांस्टेबल सुमित शामिल रहे।रोहिणी जिला पुलिस उपायुक्त शशांक जायसवाल ने कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि वाहन चोरी के नेटवर्क पर शिकंजा कसने और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
Reported By: Pankaj Rai












