दिल्ली के 4000 सफाई योद्धाओं को दिवाली का बड़ा तोहफा

0
5

नई दिल्ली: दिल्ली की सफाई व्यवस्था और जनस्वास्थ्य की जिम्मेदारी संभालने वाले हजारों कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली नगर निगम के लगभग 4,000 बहुकार्यीय जनस्वास्थ्य कर्मचारियों के बढ़े हुए वेतन की राशि उनके बैंक खातों में भेजने की शुरुआत की। निगम मुख्यालय स्थित केदारनाथ साहनी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बटन दबाकर इस फैसले को धरातल पर उतारा। समान कार्य के लिए समान वेतन का यह निर्णय वर्षों से सेवा कर रहे कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत और सम्मान का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली की सेवा में दिन-रात जुटे कर्मचारियों के अधिकारों, सम्मान और कल्याण की चिंता करना सरकार का कर्तव्य है। वर्ष 1996 में डेंगू के प्रकोप के दौरान नियुक्त किए गए इन कर्मियों ने लगभग तीन दशकों तक घर-घर जाकर नागरिकों के स्वास्थ्य की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके संघर्ष और समर्पण को उचित सम्मान देना सरकार की जिम्मेदारी है।

52 करोड़ रुपये सालाना, कर्मचारियों को बड़ी राहत

महापौर प्रवेश वाही ने बताया कि वेतन वृद्धि पर प्रतिवर्ष लगभग 52 करोड़ रुपये खर्च होंगे। मुख्यमंत्री ने प्रस्ताव पर बिना देरी स्वीकृति दी। उन्होंने कहा कि निगम दिल्ली सरकार की विकास योजनाओं को जमीन पर उतारने में सहयोग कर रहा है। निगम आयुक्त संजीव खिरवार के अनुसार, कर्मचारियों को वेतन मैट्रिक्स के प्रथम स्तर का न्यूनतम वेतन 18,000 रुपये और परिवर्तनीय महंगाई भत्ता भी मिलेगा।

दिवाली से पहले सफाई व्यवस्था को मिलेगी नई ताकत

महापौर ने घोषणा की कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार दिवाली पर राजधानी और बाजारों को स्वच्छ रखने के लिए 2500 नए सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति की जाएगी। इससे त्योहारों के दौरान सफाई व्यवस्था मजबूत करने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों से जनता के साथ विनम्रता और संवेदनशीलता से पेश आने की अपील की। कार्यक्रम में उपमहापौर डॉ. मोनिका पंत, स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा, नेता सदन जय भगवान यादव सहित निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

 

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here