नई दिल्ली: लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियों को लेकर दिल्ली में प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। घाटों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से पहले व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद करने के लिए दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष एवं रोहिणी के विधायक विजेंद्र गुप्ता खुद मैदान में उतर गए। बुधवार को उन्होंने रोहिणी के पांच प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों की जमीनी हकीकत परखी और संबंधित अधिकारियों को समय रहते सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के सख्त निर्देश दिए।
पांच घाटों पर पहुंचे, परखी व्यवस्था
निरीक्षण अभियान के दौरान विजेंद्र गुप्ता ने सेक्टर-7 स्थित रामलीला मैदान राजा विहार, सूरज पार्क, सेक्टर-18 मेट्रो स्टेशन के निकट तथा सेक्टर-15 के बी-ब्लॉक स्थित छठ घाटों का दौरा किया। उन्होंने घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी, पेयजल, आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं के पहुंचने से पहले सभी सुविधाएं पूरी तरह तैयार और चालू हालत में होनी चाहिए।
महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों पर विशेष ध्यान
विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। विशेष रूप से महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों की सुरक्षा एवं सुविधाओं का ध्यान रखा जाए। उन्होंने नागरिक एजेंसियों और संबंधित विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर भी जोर दिया, ताकि अंतिम समय में किसी तरह की अव्यवस्था पैदा न हो।
आस्था के सम्मान में प्रशासन की जिम्मेदारी
विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि छठ पूजा केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि लाखों लोगों की गहरी आस्था और सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है। प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, स्वच्छ और गरिमापूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से पूरी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ काम करने का आह्वान किया।
गौरतलब है कि चार दिवसीय छठ महापर्व 13 से 16 नवंबर तक मनाया जाएगा। 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ पर्व का समापन होगा। विधानसभा अध्यक्ष ने निर्देश दिया कि इससे पहले सभी पांचों घाटों पर तैयारियां पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालु बिना किसी बाधा के पूजा-अर्चना कर सकें।












