ब्रजरज उत्सव का आगाज, हेमा मालिनी की ‘गंगा’ ने बांधा समां

0
6

वृंदावन: ब्रज की सांस्कृतिक धरती पर शुक्रवार को ब्रजरज उत्सव का शंखनाद हो गया। नवनिर्मित स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह में सांसद एवं पद्मश्री हेमा मालिनी की नृत्य नाटिका ‘गंगा’ के मंचन के साथ उत्सव की सांस्कृतिक गतिविधियों का शुभारंभ हुआ। शास्त्रीय नृत्य, संगीत और भावपूर्ण अभिनय से सजी प्रस्तुति में मां गंगा के पृथ्वी पर अवतरण की कथा के साथ उनकी वर्तमान दुर्दशा को भी दर्शाया गया। कलाकारों ने गंगा की महिमा का बखान करते हुए नदियों को प्रदूषण से बचाने और प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण का संदेश दिया।

दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण, संत विजय कौशल महाराज, सांसद तेजवीर सिंह, उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र और सीईओ लक्ष्मी नागप्पन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। गणेश वंदना के बाद हेमा मालिनी ने तीन दर्जन से अधिक कलाकारों के साथ मंच संभाला। नृत्य नाटिका में राजा भगीरथ की तपस्या, पूर्वजों के उद्धार के लिए गंगा को धरती पर लाने के उनके संकल्प और भगवान शिव की जटाओं में गंगा के समाहित होने के प्रसंगों का सजीव चित्रण किया गया। शास्त्रीय नृत्य की भाव-भंगिमाओं और संगीत के तालमेल ने दर्शकों को पौराणिक आख्यानों से जोड़े रखा।

प्रस्तुति में गंगा की यात्रा को चार युगों के संदर्भ में दिखाया गया। धार्मिक और पौराणिक प्रसंगों के साथ भारतीय इतिहास एवं सांस्कृतिक चेतना से जुड़े दृश्यों ने नृत्य नाटिका को व्यापक स्वरूप दिया। हालांकि, प्रस्तुति का सबसे संवेदनशील पक्ष नदियों में बढ़ता प्रदूषण रहा। जीवनदायिनी और मोक्षदायिनी मानी जाने वाली गंगा की मौजूदा स्थिति को मंच पर प्रभावशाली ढंग से उकेरा गया। कलाकारों ने दृश्यों के माध्यम से बताया कि मानवीय लापरवाही किस तरह नदियों के अस्तित्व के लिए चुनौती बन रही है। प्रस्तुति में यमुना समेत अन्य नदियों को स्वच्छ रखने और जलस्रोतों के संरक्षण की जरूरत पर भी जोर दिया गया।

मंत्री और सांसद ने क्या कहा

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण ने कहा कि ब्रजरज उत्सव ने उत्तर भारत के प्रमुख उत्सवों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। इस आयोजन में प्रधानमंत्री से लेकर मुख्यमंत्री तक की सहभागिता रही है। उन्होंने कहा कि सांसद हेमा मालिनी की नृत्य नाटिका के साथ उत्सव का शुभारंभ होना आयोजन के लिए विशेष उपलब्धि है। सांसद तेजवीर सिंह ने ब्रज की संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण में उत्सव की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र ने अतिथियों का आभार जताते हुए स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह के निर्माण में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सांसद हेमा मालिनी के योगदान का उल्लेख किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे संत विजय कौशल महाराज ने मां गंगा की महिमा का वर्णन किया। इस मौके पर संत बलराम दास महाराज, संत गोविंदानंद तीर्थ, डॉ. आदित्यानंद महाराज, श्रीवत्स गोस्वामी, महंत सुंदर दास महाराज, विधायक पूरन प्रकाश, आगरा रेल मंडल के डीआरएम गगन गोयल और भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र चौधरी समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

अब मथुरा में होंगी अगली प्रस्तुतियां

इस बार ब्रजरज उत्सव का विस्तार मथुरा के साथ वृंदावन तक किया गया है। वृंदावन के नवनिर्मित स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू होने के बाद अब मथुरा के धौलीप्याऊ स्थित रेलवे ग्राउंड पर शनिवार, 24 अक्टूबर से उत्सव की अन्य गतिविधियां शुरू होंगी। यहां वंदनाश्री और ईशान मिश्रा की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

 

Reported By: Prem Kaushik

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here