नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने के उद्देश्य से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली पुलिस मुख्यालय में उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पुलिस की कार्यशैली और प्रमुख चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली पुलिस के पिछले पांच वर्षों के कार्यों और उपलब्धियों की समीक्षा की। राजधानी में पिछले पांच महीनों के दौरान हुए प्रदर्शनों, महिला सुरक्षा, पुलिसकर्मियों पर हमलों और कानून-व्यवस्था से जुड़े संवेदनशील मुद्दों पर विशेष रूप से विचार-विमर्श हुआ।
अपराधियों को कड़ा संदेश देने पर जोर
बैठक में कानून-व्यवस्था की स्थिति को बेहतर बनाने, पुलिस और आम जनता के बीच सीधा संवाद बढ़ाने तथा नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करने जैसे विषय प्रमुख रहे। इसके साथ ही नशे के कारोबार, सक्रिय आपराधिक गिरोहों, गैंगवार और गैंगस्टरों के नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई को लेकर भी चर्चा हुई।
बैठक का मुख्य उद्देश्य राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाना और पुलिस की जवाबदेही तथा कार्यक्षमता को मजबूत करना रहा। महिला सुरक्षा और पुलिस की वर्दी पर हमले जैसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
शीर्ष अधिकारियों की रही मौजूदगी
इस उच्चस्तरीय बैठक में दिल्ली पुलिस आयुक्त सहित सभी विशेष पुलिस आयुक्त, संयुक्त पुलिस आयुक्त, पुलिस उपायुक्त तथा विशेष प्रकोष्ठ और अपराध शाखा के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। राजधानी की सुरक्षा से जुड़े अहम मुद्दों पर हुई यह बैठक दिल्ली पुलिस की प्राथमिकताओं और भविष्य की रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
Reported By: Pankaj Rai












