नई दिल्ली: टेक्नोलॉजी की दुनिया में Apple के दीवानों की कमी नहीं, लेकिन दुबई के मोहम्मद शाका का जुनून सबसे अलग है। कराची मूल के शाका Apple के इतने बड़े फैन हैं कि नया फोन लेने के लिए अपने कलेक्शन के 53 पुराने iPhone लेकर स्टोर पहुंच गए। उनका यह अंदाज सोशल मीडिया पर चर्चा में है। मोहम्मद शाका पिछले करीब 20 सालों से iPhone कलेक्ट कर रहे हैं।
उनके पास Apple के पहले मॉडल से लेकर लेटेस्ट iPhone 18 Pro Max तक हर फोन मौजूद है। हाल ही में वह कंपनी के पहले फोल्डेबल फोन iPhone Duo को खरीदने स्टोर पहुंचे थे, तब उन्होंने अपना पूरा कलेक्शन साथ रखा। गल्फ न्यूज के मुताबिक, Apple स्टाफ ने ही उन्हें एक दिन पहले कलेक्शन लाने के लिए कहा था।
सिर्फ शौक नहीं, चुनौती है कलेक्शन
शाका के लिए iPhone इकट्ठा करना सिर्फ शौक नहीं, एक चुनौती है। वह हर पीढ़ी का मॉडल अपने पास रखना चाहते हैं। उनके पास कई मॉडल अलग-अलग रंगों में भी हैं। वह इन फोन्स को इस्तेमाल करने की बजाय घर में सजाकर रखते हैं। उनके मुताबिक हर फोन Apple की टेक्नोलॉजी में हुए बदलाव की कहानी बताता है।
हालांकि उनके पास Samsung और Motorola के फोन भी हैं, लेकिन Apple उनका पहला प्यार है। शाका कहते हैं कि हर नए iPhone में कैमरा, बैटरी, टच और OS में कुछ नया मिलता है, और इसी बदलाव को करीब से देखना उनके लगाव को और गहरा करता है।
3 साल से था फोल्डेबल का इंतजार
शाका के लिए iPhone Duo खरीदना सपने जैसा था। वह तीन साल से Apple के फोल्डेबल फोन का इंतजार कर रहे थे। बुकिंग शुरू होते ही उन्होंने दो यूनिट बुक कर लिए। उनका कहना है कि लंबे इंतजार के बाद फोन हाथ में लेना बेहद खुशी का पल था। पिछले तीन साल से वह दुबई में Apple लॉन्च पर सबसे पहले फोन खरीदने वालों में शामिल रहे हैं। अब उनका अगला लक्ष्य कैलिफोर्निया जाना है। वह चाहते हैं कि Apple के अगले बड़े लॉन्च में अमेरिका में सबसे पहले लाइन में खड़े हों और कंपनी को दिखाएं कि iPhone के लिए उनका जुनून किस हद तक है।












