दिल्ली में बैटरी चोर गिरोह का भंडाफोड़, 20 लिथियम बैटरियां बरामद

0
6

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में इलेक्ट्रिक स्कूटरों से लिथियम बैटरियां चुराने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का समयपुर बादली थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 20 चोरी की बैटरियां बरामद कर 14 मामलों को सुलझाने का दावा किया है। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि तीन अन्य सहित कुल पांच लोगों को कानूनी प्रक्रिया के तहत पाबंद किया गया।

50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों से खुला राज

बाहरी उत्तरी जिला डीसीपी शोभित डी सक्सेना ने बताया कि 30 सितंबर 2026 को राजा विहार निवासी श्याम बाबनू कुमार की इलेक्ट्रिक स्कूटी से बैटरी चोरी होने की शिकायत पर ई-एफआईआर दर्ज की गई थी। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए थाना समयपुर बादली के एसएचओ शैलेन्द्र सिंह जाखड़ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम में एएसआई नीरज राणा, हेड कांस्टेबल प्रदीप हेड कांस्टेबल सुनील, कांस्टेबल राहुल और कांस्टेबल अंकित शामिल थे।

पुलिस टीम ने करीब 50 से 60 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी जांच और स्थानीय सूचना के आधार पर 19 वर्षीय लक्ष्य सिंह उर्फ लकी को पकड़ा गया। पूछताछ के बाद जांच का दायरा दिल्ली से उत्तर प्रदेश तक पहुंचा और हाथरस जिले से 24 वर्षीय विकास को गिरफ्तार किया गया।

जीपीएस हटाकर बसों से भेजते थे बैटरियां

जांच में सामने आया कि गिरोह कथित तौर पर चोरी की बैटरियों से जीपीएस उपकरण हटाकर उन्हें बसों के जरिए उत्तर प्रदेश भेजता था। पुलिस के मुताबिक, विकास की निशानदेही पर सात बैटरियां बरामद हुईं। आगे की कार्रवाई में मंडोली स्थित गोदाम से 13 अन्य बैटरियां मिलीं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल स्कूटी और औजारों से भरा एक बैग भी बरामद किया।

प्रशांत झा उर्फ ब्राह्मण, आर्यन वाधवा उर्फ रोनी, पंकज उर्फ देवानंद, दीपक और जतिन को मामले में पाबंद किया गया है।

यह कार्रवाई संयुक्त पुलिस आयुक्त उत्तरी रेंज विजय सिंह अतिरिक्त डीसीपी-प्रथम बाहरी उत्तर जिला लोकेश्वरन आर. और एसीपी समयपुर बादली फिरोज आलम के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस अब गिरोह के अन्य संपर्कों, चोरी की संपत्ति के निपटारे और आर्थिक लेनदेन की जांच कर रही है।

 

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here