नई दिल्ली: मलेशिया के शाह आलम शहर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक विश्वविद्यालय की छात्रा का लंबे समय से पीछा कर रहे युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. आरोपी की पहचान भी एक यूनिवर्सिटी छात्र के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, उसकी गिरफ्तारी तब हुई, जब छात्रा के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में उसकी एक बेहद अजीब और आपत्तिजनक हरकत रिकॉर्ड हो गई. वहीं घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया.
छात्रा ने युवक पर लगाया आरोप
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, 22 वर्षीय छात्रा ने आरोप लगाया कि एक युवक पिछले कई महीनों से उसका पीछा कर रहा था. छात्रा का कहना है कि अप्रैल से वह लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर रख रहा था, जिससे वह काफी परेशान थी. इसी बीच घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में युवक की हरकत कैद हो गई.
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देता है कि काली टी-शर्ट पहने एक युवक फ्लैट के गेट की ग्रिल के बीच से हाथ डालकर बाहर रखे जूते निकालता है और उन्हें सूंघने लगता है. इस असामान्य व्यवहार का वीडियो सामने आने के बाद छात्रा ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.
त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार युवक
शिकायत मिलने के बाद शाह आलम पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसी दिन रात करीब 8:30 बजे आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस अधिकारी सारुदीन समाह ने बताया कि आरोपी की उम्र 20 से 25 वर्ष के बीच है और वह भी एक विश्वविद्यालय का छात्र है. शुरुआती जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है और घटना के समय वह नशे की हालत में भी नहीं था. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है. अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
स्टॉकिंग पर मिल सकती है इतने साल की सजा
दरअसल, मलेशिया में मई 2023 से पीछा करने (स्टॉकिंग) और किसी को लगातार परेशान करने के मामलों को लेकर सख्त कानून लागू है. इस कानून के तहत अगर कोई व्यक्ति किसी को डराने, परेशान करने या मानसिक रूप से प्रताड़ित करने की नीयत से उसका पीछा करता है, तो उसे तीन साल तक की जेल, जुर्माना या दोनों सजा हो सकती है. ऐसे मामलों को लेकर पुलिस नागरिकों से भी सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील करती है.












