सऊदी अरब पर हूतियों के मिसाइल हमलों से बढ़ा तनाव, क्या रियाद एयरपोर्ट से फिर शुरू होंगी उड़ानें?

0
10

नई दिल्ली: सऊदी अरब पर हूती विद्रोहियों के हमले तेज हो गए हैं। रविवार को सऊदी गठबंधन ने दावा किया कि उसने हूतियों की ओर से दागी गई 10 बैलिस्टिक मिसाइलों को हवा में ही मार गिराया है। गठबंधन के प्रवक्ता मेजर जनरल तुरकी अल-मल्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी।

रियाद में धमाके, तीन शहरों में अलर्ट

रविवार को राजधानी रियाद में जोरदार धमाकों की आवाजें सुनी गईं, जिससे पूरे शहर में दहशत फैल गई। सऊदी सिविल डिफेंस ने रियाद, अबहा और खमिस मुशैत के लिए इमरजेंसी अलर्ट जारी किया था। कुछ देर बाद अधिकारियों ने कहा कि खतरा टल गया है। जानकारी के मुताबिक, दो ड्रोन और एक बैलिस्टिक मिसाइल रियाद की तरफ दागी गई थी, जबकि एक क्रूज मिसाइल दक्षिणी शहर खमिस मुशैत को निशाना बनाकर छोड़ी गई।

एयरपोर्ट फिर निशाने पर

पिछले कुछ हफ्तों से हूती विद्रोही लगातार किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निशाना बना रहे हैं। रविवार को ही एयरपोर्ट के दो टर्मिनलों में उड़ानें दोबारा शुरू की गई थीं। बावजूद इसके खतरा बरकरार है। हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सारी ने चेतावनी दी है कि एयरपोर्ट अब भी उनके निशाने पर है और सभी एयरलाइंस, स्टाफ और यात्रियों को इसका इस्तेमाल करने से बचना चाहिए।

भारतीय उड़ानों पर असर

खाड़ी में बढ़ते तनाव का असर भारतीय उड़ानों पर भी पड़ा है। एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने रियाद और दम्माम के लिए 7 नवंबर तक सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं, जबकि जेद्दा के लिए सेवाएं 31 अक्टूबर तक बंद रहेंगी। कंपनी ने एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। इंडिगो और अकासा एयर ने भी सऊदी शहरों के लिए अपनी उड़ानें फिलहाल रोक दी हैं। लगातार हो रहे ड्रोन और मिसाइल हमलों के बाद खाड़ी देशों के एयरस्पेस में सुरक्षा चिंताएं बढ़ गई हैं, जिसके चलते कई इंटरनेशनल एयरलाइंस ने एहतियातन अपने रूट बदले हैं या उड़ानें सस्पेंड की हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here