ट्रंप की धमकी के बीच ईरान को मिला 7 दिन का मौका, क्या इस प्लान से टल जाएगा युद्ध का खतरा

0
5

नई दिल्ली: खाड़ी में एक और जंग की आशंका के बीच कतर ने शांति की नई पहल की है। कतर के मध्यस्थों ने ईरान को एक नया शांति प्रस्ताव दिया है, जिसमें अमेरिका और ईरान के बीच भरोसा बहाल करने के लिए 7 दिन का क्लियर रोडमैप तय किया गया है। बातचीत से जुड़े एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि ईरान इस हफ्ते के अंत तक इस प्रस्ताव पर अपना जवाब देगा।

प्रस्ताव के मुताबिक अगले हफ्ते से रोजाना भरोसा बढ़ाने वाले कदम उठाए जाएंगे। एक दिन तेहरान कोई कदम उठाएगा तो अगले दिन वॉशिंगटन को जवाब देना होगा। इस तरह 7 दिन के अंदर दोनों देशों की मुख्य चिंताओं को दूर करने की कोशिश होगी। बताया जा रहा है कि इस डील की गारंटी कई बड़े देश मिलकर दे सकते हैं।

ट्रंप और नेतन्याहू की धमकियों के बीच आया प्रस्ताव

यह प्रस्ताव ऐसे समय आया है जब अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान पर नए हमले की चर्चा तेज है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को फिर ईरान पर हमला करने की धमकी दी थी। उधर इजरायल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू के भी इस हफ्ते हमले का आदेश देने की आशंका जताई जा रही है। नेतन्याहू इस वक्त चुनावी मैदान में हैं और एक और कार्यकाल के लिए लड़ रहे हैं। सूत्रों के अनुसार कतर और पाकिस्तान इस शांति मिशन में सबसे आगे हैं और पर्दे के पीछे लगातार बातचीत करा रहे हैं।

ईरान ने दी समुंद्री केबल काटने की चेतावनी

दूसरी ओर ईरान ने भी पलटवार की तैयारी कर रखी है। ईरानी सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि अगर अमेरिका और इजरायल ने फिर हमला किया तो ईरान फारस की खाड़ी में समुद्र के नीचे बिछी इंटरनेट केबलों को निशाना बनाएगा। इससे पूरी दुनिया का इंटरनेट और बैंकिंग सिस्टम प्रभावित हो सकता है।बता दें, जून में भी एक अंतरिम समझौता हुआ था, लेकिन वह कुछ दिन में ही टूट गया था। अब कतर का यह 7 दिन का नया फॉर्मूला देखना होगा कि क्या जंग को टाल पाता है या नहीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here