यमन में सऊदी समर्थित बलों के खिलाफ UAE की चाल, हूतियों को खुफिया मदद देने के आरोप से मची हलचल

0
5

नई दिल्ली: संयुक्त अरब अमीरात (UAE) पर यमन में ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों की गुप्त मदद करने का आरोप लगा है। जांच वेबसाइट ड्रॉप साइट की रिपोर्ट के मुताबिक UAE, यमन के अंदर सऊदी समर्थित सरकारी बलों के खिलाफ हूतियों को खुफिया जानकारी और टारगेट तय करने में मदद दे रहा है। हालांकि रिपोर्ट में साफ कहा गया है कि यह मदद सिर्फ यमन के भीतर तक सीमित है, सऊदी अरब के अंदर हमलों के लिए नहीं।

कभी साथ थे, अब अलग राह

यह दावा ऐसे समय आया है जब यमन को लेकर सऊदी अरब और UAE के बीच दरार गहरी हो गई है। दोनों देश 2015 में यमन में हूतियों के खिलाफ एक साथ उतरे थे, जब हूतियों ने राजधानी सना पर कब्जा कर लिया था। लेकिन बाद में दोनों ने अलग-अलग गुटों को समर्थन देना शुरू कर दिया। सऊदी ने मान्यता प्राप्त यमनी सरकार का साथ दिया, जबकि UAE ने दक्षिणी अलगाववादी संगठन दक्षिणी संक्रमणकालीन परिषद (STC) का समर्थन किया।

पिछले साल दिसंबर में सऊदी अरब ने UAE पर अलगाववादियों को बढ़ावा देने का आरोप लगाया था। इसके बाद यमनी सरकार ने UAE से सेना वापस बुलाने की मांग की और जनवरी 2026 में UAE ने यमन से अपनी सेना हटाने का ऐलान कर दिया।

कैसे हो रही है मदद?

रिपोर्ट के मुताबिक चार सूत्रों ने बताया कि UAE से जुड़े यमनी बल हूतियों को सऊदी समर्थित बलों को निशाना बनाने में मदद कर रहे हैं। दो अन्य सूत्रों ने दावा किया कि UAE खुद सीधे खुफिया जानकारी दे रहा है। एक यमनी सूत्र ने कहा कि UAE ने सना में हूती अधिकारियों को बड़ी मात्रा में इंटेलिजेंस दी है और हूती नेताओं ने UAE समर्थक कमांडरों से संपर्क भी बनाया है। इस पर UAE ने कोई जवाब नहीं दिया है।

इस मदद का असर हाल के हमलों में दिखा है। 2 और 7 अक्टूबर को अदन के पश्चिम में गठबंधन के सैन्य अड्डे पर सटीक हमले किए गए, जिसमें हूतियों ने पहले से सैनिकों की लोकेशन का पता लगा लिया था।

अमेरिका ने दी चेतावनी

रिपोर्ट में कहा गया है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टीम के एक सीनियर अधिकारी ने इस मुद्दे पर UAE को चेतावनी दी है और मदद रोकने को कहा है। वहीं हूती नेता मोहम्मद अल-बुखैती ने कहा कि इसका मतलब यह नहीं कि UAE और हूती सऊदी के खिलाफ साथ हैं। UAE संघर्ष में तटस्थ रहने की बात कह रहा है।

यमन में फिर तेज हुआ संघर्ष

पिछले महीने हूतियों ने लाल सागर तट के कई रणनीतिक इलाकों पर कब्जा किया और सऊदी के एयरपोर्ट, बंदरगाह और तेल ठिकानों पर हमले किए। जवाब में सऊदी ने भी हूतियों के मिसाइल ठिकानों पर बमबारी तेज कर दी है। इजरायली अखबार के मुताबिक सऊदी ने युद्धविराम के लिए हूतियों को 1 अरब डॉलर की पेशकश भी की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here