कार को बचाने के प्रयास में हाईवे पर पलटा पेट्रोल से भरा टैंकर, तेल लूटने उमड़े ग्रामीण

0
6

मथुरा: महावन क्षेत्र में मंगलवार दोपहर बरेली-जयपुर हाईवे पर पेट्रोल से भरे टैंकर के पलटने से अफरा-तफरी मच गई। नगला जंगली के समीप हुए हादसे के बाद सड़क पर पेट्रोल फैलने की आशंका के बीच सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। वहीं, टैंकर पलटने की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण बाल्टी और बर्तन लेकर तेल भरने के लिए मौके पर पहुंच गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल की चार गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। राहत की बात रही कि हादसे में कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

गलत दिशा से आ रही कार बचाने में टैंकर अनियंत्रित

जानकारी के अनुसार, नायरा कंपनी का पेट्रोल से भरा टैंकर मथुरा रिफाइनरी से पेट्रोल लेकर मुजफ्फरनगर की ओर जा रहा था। मंगलवार दोपहर करीब दो बजे जब टैंकर महावन क्षेत्र में नगला जंगली के पास पहुंचा, तभी सामने से गलत दिशा में आ रही कार को बचाने के प्रयास में चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित टैंकर हाईवे पर पलट गया। भारी-भरकम टैंकर के पलटते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और सुरक्षा के इंतजाम शुरू कर दिए।

ग्रामीण पेट्रोल भरने पहुंचे, पुलिस ने भीड़ नियंत्रित की

टैंकर पलटने की सूचना आसपास के गांवों में फैलते ही कुछ ग्रामीण बाल्टी और अन्य बर्तन लेकर मौके पर पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कई लोग टैंकर से पेट्रोल भरकर ले जाने की कोशिश करने लगे। पेट्रोल ज्वलनशील होने के कारण किसी भी तरह की लापरवाही बड़े हादसे का कारण बन सकती थी। इसे देखते हुए पुलिस ने लोगों को टैंकर के पास जाने से रोका और भीड़ को हटाकर स्थिति नियंत्रित की। दमकलकर्मियों ने भी मौके पर सुरक्षा व्यवस्था संभाली, ताकि किसी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।

हाईवे पर यातायात प्रभावित, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

हादसे के कारण बरेली-जयपुर हाईवे पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। सड़क पर टैंकर पलटने से वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारु कराने के प्रयास किए। ज्वलनशील पदार्थ से भरे टैंकर के पलटने के बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीम सतर्क रही। घटना ने एक बार फिर हादसों के दौरान मौके पर जुटने वाली भीड़ और ज्वलनशील पदार्थों के प्रति बरती जाने वाली लापरवाही से होने वाले खतरे को उजागर किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here