मथुरा: यमुना एक्सप्रेसवे पर गुरुवार तड़के दो बसों और कांच से भरे कैंटर के बीच भिड़ंत हो गई। हादसे में कई यात्री घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि कैंटर अनियंत्रित होकर पलट गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाने के बाद यातायात सुचारू कराया गया।
ओवरटेक के दौरान हुई टक्कर
मांट थाना क्षेत्र में नोएडा से आगरा की ओर जाने वाले मार्ग पर माइलस्टोन 101 के पास गुरुवार तड़के करीब 3:15 बजे कांच से भरा आयशर कैंटर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही विश्वनाथ ट्रैवल्स की बस ने ओवरटेक करने का प्रयास किया। इस दौरान बस कैंटर से टकरा गई। अभी हादसे की स्थिति संभल भी नहीं पाई थी कि पीछे से आ रही दूसरी ट्रैवल बस भी कैंटर से भिड़ गई। लगातार हुई टक्करों के कारण कैंटर पलट गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
हादसे की सूचना सुबह 3:20 बजे कंट्रोल रूम और राहगीर विनय यादव के माध्यम से पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही मांट थाना प्रभारी उमेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। दुर्घटना में फिरोजाबाद के कश्मीरी गेट निवासी चांदनी, आमिर, वसीम और अजर बानो समेत कई लोग घायल हो गए। आजाद नाम का व्यक्ति भी घायल बताया गया है। पुलिस ने घायलों को जेपी और सरकारी एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया।
यातायात सुचारू, विधिक कार्रवाई होगी
मांट के सीओ अमरनाथ सिंह ने बताया कि पुलिस ने जेपी क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को एक्सप्रेसवे से हटवाया। इसके बाद यातायात सामान्य हो गया। मामले में प्रार्थना पत्र मिलने के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Reported by- Prem Kaushik












