हिसार: पुलिस अधीक्षक हिसार सिद्धान्त जैन, आईपीएस ने आज अपने कार्यालय में NCORD (नार्को कोऑर्डिनेशन सेंटर) एवं नशा मुक्ति अभियान को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में डीएसपी क्राइम, नशा मुक्ति टीम, स्पोर्ट्स एवं गेम्स से जुड़े कार्मिकों तथा नशा पीड़ितों की देखभाल में लगे केयरटेकरों सहित संबंधित व्यक्तियों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य नशे से प्रभावित व्यक्तियों को नशा छोड़ने में सहायता देना, उनके उपचार की नियमित निगरानी करना और उन्हें बेहतर जीवन की ओर प्रेरित करना रहा।
नशा पीड़ितों की देखभाल में किसी प्रकार की लापरवाही न हो
एसपी सिद्धान्त जैन ने नशा पीड़ितों की देखभाल के लिए नियुक्त केयरटेकरों से उनका हालचाल जाना और उनकी वर्तमान स्थिति के बारे में फीडबैक लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि केयरटेकर प्रत्येक नशा पीड़ित के संपर्क में रहें, उसकी प्रगति की नियमित जानकारी लें तथा उसकी समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनके समाधान के लिए आवश्यक प्रयास करें। नशा छोड़ने की प्रक्रिया के दौरान किसी व्यक्ति को अकेला महसूस न होने दें और उसे लगातार सहयोग व प्रोत्साहन देते रहें।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि नशा पीड़ितों को चिकित्सकीय सलाह के अनुसार समय पर दवाइयां उपलब्ध करवाने के लिए संबंधित चिकित्सकों से समन्वय बनाए रखा जाए। जिन नशा पीड़ितों के पास दवाइयां खरीदने के लिए पैसे नहीं हैं, उनकी डॉक्टर से काउंसलिंग करवाकर नशा मुक्ति टीम के पास उपलब्ध आयुर्वेदिक दवाइयां उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की जाए।
नशा पीड़ित को सहारा देना और नशा तस्करों की सूचना देना भी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा
एसपी ने केयरटेकरों को निर्देश दिए कि नशे की लत से जूझ रहे व्यक्तियों को उपचार, काउंसलिंग और सकारात्मक मार्गदर्शन के माध्यम से नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करें। साथ ही, यदि किसी व्यक्ति को नशे की आपूर्ति करने वाले तस्करों या नशे के अवैध कारोबार से संबंधित कोई विश्वसनीय जानकारी मिलती है, तो उसे पुलिस के साथ साझा करें, ताकि नशा तस्करों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।
“किसी व्यक्ति को नशा छुड़ाकर सही राह पर लाना बहुत बड़ा पुण्य का कार्य है”
एसपी सिद्धान्त जैन ने कहा कि नशे की लत से प्रभावित व्यक्ति को केवल अपराध या समस्या के रूप में देखने के बजाय उसे सही मार्ग पर लाने के लिए सहयोग, संवेदनशीलता और निरंतर प्रयास की आवश्यकता है। किसी व्यक्ति को नशे से बाहर निकालकर उसके जीवन में नई उम्मीद जगाना, उसे परिवार से जोड़ना और समाज की मुख्यधारा में वापस लाना बहुत बड़ा पुण्य का कार्य है। ऐसे प्रयास किसी व्यक्ति का जीवन ही नहीं, बल्कि उसके पूरे परिवार का भविष्य भी बदल सकते हैं।
उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति अभियान की सफलता के लिए पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, केयरटेकरों, परिवारों और समाज के अन्य जिम्मेदार लोगों का आपसी सहयोग आवश्यक है। प्रत्येक नशा पीड़ित के साथ मानवीय व्यवहार करते हुए उसे उपचार और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए निरंतर प्रेरित किया जाए।
हिसार पुलिस का संकल्प है कि नशे के अवैध कारोबार पर कार्रवाई के साथ-साथ नशे से प्रभावित लोगों को उपचार, मार्गदर्शन और सहयोग देकर उन्हें स्वस्थ एवं सम्मानजनक जीवन की ओर लौटने में हर संभव सहायता प्रदान की जाए।












