‘बीकाजी’ आलू भुजिया के पैकेट में निकली मरी हुई छिपकली, फोटो देख लोग बोले- तुकाराम मुंढे से करो शिकायत

0
6
Lizard Found in Bikaji Aloo Bhujia
Reddit/@Accomplished_Name795

नई दिल्ली: पैक्ड फूड को अक्सर घर के खाने से ज्यादा सुरक्षित माना जाता है, लेकिन एक ताजा घटना ने लोगों का यह भरोसा हिला दिया है। सोशल मीडिया पर एक यूजर ने बीकाजी आलू भुजिया के पैकेट से सूखी हुई छिपकली निकलने का दावा किया है। यह पूरा मामला रेडिट की r/SnacksIndia कम्युनिटी पर मंगलवार को सामने आया, जब एक यूजर ने इससे जुड़ी तस्वीरें शेयर कीं। यूजर ने बताया कि जब वह भुजिया खाने बैठा, तो उसकी कटोरी में सीधे एक पूरी सूखी छिपकली आ गिरी। इस नजारे को देखकर उसे बहुत घिन महसूस हुई और उल्टी जैसा एहसास होने लगा। उसने लिखा कि इस घटना के बाद अब किसी भी ब्रांड या पैक्ड फूड पर भरोसा करना मुश्किल हो गया है।

यूजर ने कमेंट में पैकेट के पीछे छपी डिटेल की भी फोटो शेयर की। इस 200 ग्राम वाले पैकेट पर मैन्युफैक्चरिंग डेट 7 मई 2026 और एक्सपायरी डेट 6 नवंबर 2026 साफ लिखी दिख रही है। पैकेट पर बैच नंबर T26E9320A भी दर्ज है। यूजर का कहना है कि वह इस घटना से काफी सदमे में है, लेकिन राहत की बात यह रही कि उसने भुजिया चखी नहीं थी। सही समय पर उसकी नजर छिपकली पर पड़ गई और उसने फोटो लेकर पैकेट फेंक दिया।

लोगों ने दी शिकायत करने की सलाह

इस पोस्ट के वायरल होने के बाद लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई यूजर्स कस्टमर को कंज्यूमर कोर्ट में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दे रहे हैं, तो कुछ अमिताभ बच्चन के पुराने भुजिया विज्ञापन की टैगलाइन पर मजाकिया अंदाज में कमेंट कर रहे हैं। वहीं कई लोगों का कहना है कि इस मामले की शिकायत महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन के कमिश्नर तुकाराम मुंढे से की जानी चाहिए।

कौन हैं तुकाराम मुंढे?

तुकाराम मुंढे 2005 बैच के आईएएस अधिकारी हैं, जो फिलहाल महाराष्ट्र में फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन के कमिश्नर पद पर तैनात हैं। पद संभालते ही उन्होंने मिलावटखोरी और नकली सामान बेचने वालों के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू किया है, जिसके तहत अब तक सैकड़ों लाइसेंस रद्द किए जा चुके हैं। यही वजह है कि लोग इस घटना पर भी उनसे कार्रवाई की उम्मीद जता रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here