न डिग्री की जरूरत, न अनुभव की शर्त! बस रोबोट को घुमाने के हर घंटे मिलेंगे हजारों रुपये

0
5

नई दिल्ली: क्या आपने कभी सोचा है कि रोबोट को सड़क पर घुमाने के लिए भी कोई कंपनी हजारों रुपये दे सकती है? अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में इन दिनों ऐसी ही एक अनोखी नौकरी चर्चा में है। यहां एक टेक स्टार्टअप लोगों को रोबोट डॉग के साथ सड़कों पर चलने के लिए 20 डॉलर यानी करीब 1,700 रुपये प्रति घंटे देने की पेशकश कर रहा है। दिलचस्प बात यह है कि कंपनी का मकसद रोबोट को टहलाना नहीं, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को असली दुनिया में काम करने की ट्रेनिंग देना है।

द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, Dimensional नाम की रोबोटिक्स स्टार्टअप ने चार पैरों वाले रोबोट को सैन फ्रांसिस्को की सड़कों पर चलाने के लिए लोगों की भर्ती का विज्ञापन दिया था। इसमें चुने गए उम्मीदवारों को रोजाना 4 से 6 घंटे तक रोबोट के साथ तय रास्तों पर चलना था। इस काम के लिए रोबोटिक्स का अनुभव होना जरूरी नहीं था। कंपनी खुद कर्मचारियों को ट्रेनिंग देने की व्यवस्था कर रही थी।

यह विज्ञापन 5 अक्टूबर को फेसबुक के ‘Bay Area Jobs’ ग्रुप में पोस्ट किया गया था, जिसे बाद में हटा दिया गया। फॉक्स बिजनेस के अनुसार, रोबोट को हाथ में पकड़े जाने वाले कंट्रोलर या मोबाइल ऐप की मदद से चलाया जाता था। हर शिफ्ट पूरी होने के बाद कर्मचारियों को भुगतान किया जाता था। हालांकि, उन्हें कंपनी के सुरक्षा नियमों का पालन करना जरूरी था।

रोबोट खराब हुआ तो खुद उठाकर ले जाना होगा

इस नौकरी में एक चुनौती भी है। दरअसल, रोबोट डॉग का वजन करीब 15 किलो है। अगर चलते समय उसकी बैटरी खत्म हो जाए, वह गर्म होकर बंद हो जाए या किसी तकनीकी खराबी के कारण काम करना रोक दे, तो कर्मचारी को उसे उठाकर कंपनी के ऑफिस तक वापस पहुंचाना होगा। यह ऑफिस सैन फ्रांसिस्को के Dogpatch इलाके में है।

AI को ट्रेनिंग देने के लिए जुटाया जा रहा डेटा

Dimensional के संस्थापक 26 वर्षीय स्टैश पोमिश्टर ने बताया कि कंपनी इंसानी ऑपरेटरों की मदद से रोबोट को वास्तविक माहौल में चलाने का डेटा जुटा रही है। इन रोबोट में कैमरे और सेंसर लगे हैं, जो आसपास की सड़कों और चीजों की जानकारी रिकॉर्ड करते हैं। कंपनी यह भी समझने की कोशिश कर रही है कि इंसान के नियंत्रण और AI के जरिए चलाए जाने पर रोबोट का प्रदर्शन कितना अलग होता है।

शुरुआती परीक्षणों में सामने आया है कि AI अभी बिना इंसानी मदद के वास्तविक दुनिया में रोबोट को पूरी तरह नियंत्रित नहीं कर पा रहा है। कंपनी अब तक अमेरिका, चीन और जर्मनी की कंपनियों से 100 से ज्यादा रोबोट डॉग और 50 ह्यूमनॉइड रोबोट खरीद चुकी है। सैन फ्रांसिस्को में इस्तेमाल हो रहे रोबोट चीन की कंपनी Unitree के हैं, जिनकी कीमत करीब 2,000 डॉलर यानी लगभग 1.7 लाख रुपये है।

कंपनी भविष्य में इस तकनीक का इस्तेमाल फैक्ट्रियों, डेटा सेंटर, निर्माण स्थलों और सुरक्षा से जुड़े कामों में करना चाहती है। इसका लक्ष्य ऐसे रोबोट तैयार करना है, जो भारी सामान उठाने और मेहनत वाले कामों को इंसानों की कम मदद से पूरा कर सकें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here