नई दिल्ली: बेंगलुरु से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। शहर के लग्जरी कॉनराड फाइव स्टार होटल के स्विमिंग पूल में करंट लगने से दो विदेशी नागरिकों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। यह हादसा शुक्रवार शाम को होटल की तीसरी मंजिल पर बने स्विमिंग पूल में हुआ। बता दें, मृतकों की पहचान जर्मनी के वर्षीय अलेक्जेंडर मैक्सिमिलियन थीस और स्लोवाकिया के वर्षीय जुराज होर्वाट के रूप में हुई है।
कैसी हुई ये घटना
बताया जा रहा है कि अलेक्जेंडर लुफ्थांसा एयरलाइंस में क्रू मेंबर थे, जबकि जुराज आईबीएम कंपनी में प्रोजेक्ट मैनेजर के तौर पर काम करते थे। दोनों होटल में ठहरे हुए थे और शाम को तैरने के लिए पूल में गए थे। इसी दौरान पूल में करंट आ गया। दोनों को बचाने की कोशिश में एक अमेरिकी नागरिक और होटल का एक कर्मचारी भी करंट की चपेट में आ गए।
घायलों की पहचान 41 वर्षीय मैथ्यू डेसैंटिस और 28 वर्षीय पूल अटेंडेंट राहुल तिवारी के रूप में हुई है। दोनों को तुरंत मणिपाल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की हालत अब खतरे से बाहर है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पूल की इलेक्ट्रिकल वायरिंग या मोटर में खराबी की आशंका जताई जा रही है। हालांकि होटल प्रबंधन की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। शनिवार सुबह होटल की वेबसाइट पर एक नोटिस देखा गया, जिसमें लिखा था कि स्विमिंग पूल 31 अक्टूबर से 30 नवंबर तक मेंटेनेंस के लिए बंद रहेगा। इस नोटिस के बाद होटल की लापरवाही को लेकर सवाल और गहरे हो गए हैं।
कॉनराड बेंगलुरु हिल्टन ग्रुप का 24 मंजिला लग्जरी होटल है, जहां एक रात का किराया 25 हजार रुपये से शुरू होता है। इतने महंगे और हाई-प्रोफाइल होटल में सुरक्षा मानकों की ऐसी अनदेखी ने सभी को हैरान कर दिया है। पुलिस अब होटल के इलेक्ट्रिकल मेंटेनेंस रिकॉर्ड और सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच कर रही है।












