रामलीला मैदान में राहुल गांधी का बड़ा हमला, ज्ञानेश कुमार को जेल भेजने की मांग, बोले- देश चंद लोगों का नहीं

0
6

नई दिल्ली: दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को INDIA गठबंधन की महारैली में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश को सही रास्ते पर लाने के लिए सबसे पहला कदम ज्ञानेश कुमार को हटाना है। राहुल ने दावा किया कि वह जल्द ही पद से हटेंगे और जेल भी जाएंगे।

रैली को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा, “मैं जो कहता हूं, वह हमेशा सच साबित होता है। मैं देश के हर नौजवान से कह रहा हूूं कि ज्ञानेश कुमार को मुख्य चुनाव आयुक्त के पद से हटाया जाएगा और वह जेल जाएंगे।” पीएम मोदी और अमित शाह पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “ज्ञानेश कुमार के बिना न तो नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बन पाते और न ही अमित शाह गृह मंत्री बन पाते।”

“हमें शिव की बारात जैसा हिंदुस्तान चाहिए”

राहुल गांधी ने ‘शिव की बारात’ का उदाहरण देते हुए कहा कि शिव की बारात में हर जीव शामिल हो सकता है, किसी को रोका नहीं जाता। हमें ऐसा ही हिंदुस्तान चाहिए, जहां सबको जगह मिले। उन्होंने कहा कि आज किसान को उसका हक नहीं मिल रहा, 18 घंटे पढ़ने वाले छात्र को नौकरी नहीं मिल रही और मजदूरों को अधिकार नहीं मिल रहे। देश की पूरी दौलत दो-तीन लोगों के हाथ में चली गई है, ऐसा हिंदुस्तान हमें मंजूर नहीं। उन्होंने मंच से संकल्प लेते हुए कहा, “हम लोकतंत्र को और अपने हिंदुस्तान को कभी खत्म नहीं होने देंगे। किसी भी सूरत में संविधान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेंगे।”

2024 चुनाव को बताया ‘चुराया हुआ’

राहुल गांधी ने 2024 के लोकसभा चुनाव की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने इसे ‘चुराया हुआ’ और ‘अवैध’ चुनाव करार दिया। राहुल ने दावा किया कि चुनाव के बाद देश के 15 फीसदी वोटरों के नाम वोटर लिस्ट से काट दिए गए। उन्होंने कहा, “यह बात मैं नहीं, खुद चुनाव आयोग के आंकड़े कह रहे हैं। चुनाव में बड़े पैमाने पर धांधली हुई है।”

राहुल ने कहा कि आज मंच से उठ रही यह आवाज किसी एक पार्टी की नहीं, बल्कि देश के युवाओं की आवाज है। युवा अपने हक, भविष्य और पहचान के लिए खड़ा हो रहा है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here