ईरानी गैंग पर मकोका का शिकंजा, तीन शातिर आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल

0
6

नई दिल्ली: अपराध का साम्राज्य खड़ा करने वालों पर कानून का करारा प्रहार! दिल्ली पुलिस की सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट टीम ने कुख्यात ईरानी गैंग के कथित सरगना नासिर हाफिज खान उर्फ ईरानी उर्फ समीर और उसके दो सहयोगियों के खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) की धाराओं 3 और 4 के तहत मुख्य आरोपपत्र दाखिल कर दिया है।

18.84 लाख की लूट की जांच में हुआ अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा

मध्य जिला डीसीपी रोहित राजवीर सिंह ने बताया कि यह गिरोह दिल्ली समेत कई राज्यों में लूटपाट धोखाधड़ी और अन्य गंभीर वारदातों को अंजाम देकर आर्थिक लाभ कमाता था। डीबीजी रोड थाने में वर्ष 2025 में करीब 18.84 लाख रुपये की लूट के मामले की जांच के दौरान इस संगठित गिरोह का खुलासा हुआ। इसके बाद जून 2026 में मकोका के तहत अलग मुकदमा दर्ज किया गया।

तीनों आरोपियों पर दर्ज हैं 78 आपराधिक मामले, संपत्तियों की भी जांच

आरोपपत्र में नासिर हाफिज खान अली चुन्ना उर्फ राजा और अकबर अली उर्फ कबीर को शामिल किया गया है। पुलिस के अनुसार नासिर के खिलाफ करीब 46 अली के खिलाफ 10 और अकबर के खिलाफ 22 आपराधिक मामले दर्ज हैं। जांच में बैंक खातों यूपीआई लेन-देन, संदिग्ध नकदी जमा, वाहन खरीद, संपत्ति के दस्तावेज और अपराध से अर्जित धन के इस्तेमाल की कड़ियां सामने आई हैं। महिंद्रा बोलेरो और हुंडई क्रेटा समेत वाहनों की भी जांच की गई। गिरोह के कथित सदस्यों द्वारा फर्जी पहचान के इस्तेमाल की बात भी सामने आई है।

विशेष मकोका अदालत में आरोपपत्र दाखिल, गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी

मुख्य आरोपपत्र राउज एवेन्यू स्थित विशेष मकोका अदालत में दाखिल किया गया है। तीनों आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं। अन्य सहयोगियों और संपत्तियों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है। इस कार्रवाई को एसीपी सौरभ ए नरेंद्र और थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रणधीर सिंह के नेतृत्व में एसआई हरविंदर सिंह, हेड कांस्टेबल सुनीत कुमार, नवीन, अश्वनी और महिला कांस्टेबल तनिषा ने अंजाम दिया।

 

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here