नई दिल्ली: बॉलीवुड के किंग शाहरुख खान आज 2 नवंबर को अपना 61वां जन्मदिन मना रहे हैं और इस मौके पर उनके फैंस का क्रेज देखते ही बन रहा है। बीती रात से ही मुंबई में उनके बंगले मन्नत के बाहर हजारों फैंस का हुजूम उमड़ पड़ा था। हर कोई अपने सुपरस्टार की एक झलक पाने के लिए घंटों इंतजार कर रहा था। हालांकि इस बार शाहरुख मन्नत में नहीं थे, क्योंकि रिपोर्ट्स के मुताबिक वो कुछ समय के लिए अपने बंगले से शिफ्ट हुए हैं।
ताज होटल में परिवार संग सेलिब्रेशन
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार किंग खान ने अपना बर्थडे साउथ मुंबई के ताज होटल में परिवार और दोस्तों के साथ सेलिब्रेट किया। इस प्राइवेट पार्टी में उनके बच्चे सुहाना खान और आर्यन खान भी मौजूद थे। मन्नत के बाहर फैंस को भले ही उनकी झलक न मिली हो, लेकिन होटल के बाहर जैसे ही शाहरुख निकले, वहां मौजूद फैंस का दिन बन गया। उनकी कुछ सेकंड की झलक ने ही फैंस को खुशी से चीखने पर मजबूर कर दिया। शाहरुख ने भी फैंस के प्यार का जवाब प्यार से दिया, उन्होंने हाथ हिलाकर सभी को ग्रीट किया और फ्लाइंग किस भी दी, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मन्नत पर फैंस के लिए खास इंतजाम
शाहरुख ने मन्नत के बाहर इंतजार कर रहे फैंस को भी निराश नहीं किया। उनके बर्थडे पर मन्नत को खास अंदाज में सजाया गया था और बाहर एक बड़ी स्क्रीन लगाई गई थी। उस स्क्रीन पर उनकी अपकमिंग फिल्म ‘किंग’ की झलक और पोस्टर दिखाए गए। साथ ही शाहरुख की तरफ से फैंस के लिए एक ग्रैटिट्यूड नोट भी चलाया गया, जिसमें लिखा था, आप सभी की शुभकामनाओं और प्यार के लिए शुक्रिया।
फिल्म ‘किंग’ का गाना रिलीज
फैंस के लिए डबल ट्रीट ये रही कि शाहरुख के बर्थडे पर उनकी फिल्म ‘किंग’ का पहला गाना ‘तू मिल जाए’ भी रिलीज कर दिया गया है। इस गाने में शाहरुख के साथ दीपिका पादुकोण नज़र आ रही हैं। सिद्धार्थ आनंद के डायरेक्शन में बनी ये फिल्म 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जिसमें सुहाना खान और रानी मुखर्जी भी अहम किरदार में दिखेंगी।












