खाकी के जांबाजों को दिल्ली पुलिस का सलाम, ड्यूटी के दौरान घायल जवानों को मिलेगी आर्थिक मदद

0
8

नई दिल्ली: राजधानी की सड़कों पर जब कानून-व्यवस्था की चुनौती सामने आती है जब भीड़ बेकाबू होती है और हालात संभालने के लिए खाकी के जवान अपनी जान की परवाह किए बिना मोर्चे पर डटे रहते हैं, तब उनकी सुरक्षा और कुशलक्षेम की जिम्मेदारी भी पुलिस विभाग की बनती है। इसी भावना को ध्यान में रखते हुए दिल्ली पुलिस ने ड्यूटी के दौरान घायल हुए अपने जांबाज जवानों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने वर्ष 2026 के दौरान विभिन्न कानून-व्यवस्था संबंधी ड्यूटी निभाते समय घायल हुए पुलिसकर्मियों को आर्थिक सहायता देने के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की है।

गंभीर चोट पर 25 हजार, अन्य गंभीर चोटों पर 15 हजार रुपये

दिल्ली पुलिस की ओर से जारी व्यवस्था के अनुसार, ड्यूटी के दौरान गंभीर रूप से घायल होने वाले पुलिसकर्मियों को 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। वहीं अन्य गंभीर चोटों से पीड़ित जवानों को 15 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे। यह राशि दिल्ली पुलिस कल्याण सोसायटी कोष से उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अतिरिक्त जिन मामलों में विशेष परिस्थितियों के कारण अधिक आर्थिक सहायता की जरूरत होगी उनमें संबंधित जिला पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) बढ़ी हुई सहायता के लिए प्रस्ताव भेज सकेंगे। यानी जरूरत और परिस्थितियों को देखते हुए विशेष मामलों पर अलग से विचार किया जा सकेगा।

2026 में 250 से अधिक जवान हुए घायल

दिल्ली पुलिस ने अनुसार वर्ष 2026 में विभिन्न कानून-व्यवस्था व्यवस्थाओं के दौरान 250 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। ये जवान अलग-अलग मौकों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने भीड़ नियंत्रण करने और संवेदनशील परिस्थितियों में कानून का पालन सुनिश्चित कराने के लिए तैनात थे। ड्यूटी के दौरान लगी चोटों के बावजूद पुलिसकर्मियों का समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा विभाग के लिए सम्मान का विषय है। इसी योगदान को मान्यता देते हुए पुलिस आयुक्त ने आर्थिक सहायता की मंजूरी दी है।

2023 में शुरू हुआ था ‘आहत वीर सम्मान पत्र’

दिल्ली पुलिस ने घायल जवानों के सम्मान और मनोबल को बढ़ाने के लिए वर्ष 2023 में ‘आहत वीर सम्मान पत्र’ की व्यवस्था भी संस्थागत रूप से शुरू की थी। इसके तहत दंगों, विरोध प्रदर्शनों, अपराधियों को पकड़ने तथा अन्य चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में ड्यूटी निभाते हुए घायल होने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया जाता है। इस पहल का उद्देश्य उन जवानों के साहस और बलिदान को पहचान देना है, जो आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए जोखिम उठाते हैं।

परिवारों के कल्याण पर भी विभाग का जोर

दिल्ली पुलिस का कहना है कि ड्यूटी के दौरान घायल होने वाले पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों का कल्याण विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल है। पुलिस कल्याण इकाई लगातार ऐसे प्रयास कर रही है, जिनसे जरूरतमंद जवानों को समय पर आर्थिक मदद, सहयोग और सम्मान मिल सके। नई आर्थिक सहायता योजना को भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

दिल्ली पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजीव रंजन ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि पुलिसकर्मियों के समर्पण, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा को सम्मान देना विभाग की जिम्मेदारी है। विभाग अपने उन जवानों के साथ खड़ा है, जो दूसरों की सुरक्षा के लिए कठिन परिस्थितियों में भी पीछे नहीं हटते। संदेश साफ है—खाकी सिर्फ कानून की रखवाली नहीं करती, बल्कि अपने जांबाज सिपाहियों के सम्मान और सुरक्षा की जिम्मेदारी भी निभाती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here