नई दिल्ली: राजधानी में नकली ब्रांडेड उत्पादों के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए दिल्ली पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में रोहिणी जिला पुलिस के नारकोटिक्स स्क्वॉड ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली गोल्ड फ्लेक सिगरेट की खेप पकड़ी है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 30 हजार नकली सिगरेट बरामद की हैं। इस कार्रवाई से नकली सिगरेट के कारोबार में शामिल लोगों में हड़कंप मच गया है।
गुप्त सूचना पर छापेमारी और गिरफ्तारी
रोहिणी जिला डीसीपी शशांक जायसवाल ने बताया कि 4 नवंबर को नारकोटिक्स स्क्वॉड की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना नॉर्थ रोहिणी इलाके में नकली सिगरेट की सप्लाई करने वाला एक व्यक्ति सक्रिय है। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर राकेश के नेतृत्व में टीम ने पॉकेट-8, सेक्टर-4, रोहिणी में छापेमारी की। मौके पर पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति को दबोच लिया। उसकी पहचान 39 वर्षीय मोहम्मद फैजान निवासी आजाद मार्केट, दिल्ली के रूप में हुई।
बरामदगी और एफआईआर दर्ज
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 30 हजार नकली गोल्ड फ्लेक सिगरेट बरामद हुईं। इस मामले में थाना विजय विहार में कॉपीराइट अधिनियम की धारा 63/65 के तहत एफआईआर संख्या 596/2026 दर्ज की गई है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर नकली सिगरेट की सप्लाई चेन और इसके पीछे सक्रिय अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है। इस कार्रवाई को इंस्पेक्टर राकेश के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। टीम में एसआई अशोक तोमर, हेड कांस्टेबल पुनीत और कांस्टेबल नाजिम शामिल रहे। पूरी कार्रवाई एसीपी ऑपरेशन अजमेर सिंह की देखरेख में हुई। रोहिणी जिला के डीसीपी शशांक जायसवाल ने टीम की कार्रवाई की जानकारी दी।












