नई दिल्ली: अदालत से घोषित अपराधी होने के बावजूद पुलिस की गिरफ्त से बचकर फरारी काट रहे आरोपी की आखिरकार कानून के लंबे हाथों से बचने की हर कोशिश नाकाम हो गई। आउटर नॉर्थ जिला पुलिस की एएटीएस टीम ने तकनीकी निगरानी और लगातार जमीनी पड़ताल के दम पर एक घोषित अपराधी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान खेमकरण उर्फ बबलू (25) पुत्र दर्शन निवासी सुंदर नगरी, नंद नगरी, दिल्ली के रूप में हुई है।
बाहरी उत्तरी जिला डीसीपी शोभित डी सक्सेना ने बताया कि आरोपी वर्ष 2018 के एक आपराधिक मामले में अदालत द्वारा घोषित अपराधी था। उसके खिलाफ महेंद्र पार्क थाने में प्राथमिकी संख्या 233/18 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 324/34 में मामला दर्ज था। आरोपी का आपराधिक इतिहास भी लंबा है और उसके खिलाफ पहले से 12 आपराधिक मामलों में संलिप्तता सामने आई है।
डिजिटल सुराग से गिरफ्तारी तक
घोषित अपराधियों की धरपकड़ के लिए एएटीएस की पीओ स्टाफ टीम लगातार सक्रिय थी। टीम ने डिजिटल खुफिया जानकारी तकनीकी निगरानी और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई सूचनाओं को आपस में जोड़कर आरोपी की तलाश तेज की। लगातार सत्यापन और फील्ड वर्क के बाद पुलिस को सफलता मिली और फरार आरोपी को दबोच लिया गया। यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त प्रथम लोकेश्वरन आर. के मार्गदर्शन, एसीपी ऑपरेशंस दिनेश कुमार की निगरानी तथा एएटीएस प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार झा के नेतृत्व में की गई। टीम में एएसआई संदीप और हेड कांस्टेबल अभिषेक खत्री शामिल रहे।











