9वीं में बेटा लाया अच्छा रिजल्ट तो पिता ने गिफ्ट की 2.30 करोड़ की BMW कार, पूरे इलाके में हो रही है चर्चा

0
6

नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्धमान जिले के गलसी से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसकी चर्चा हर जगह हो रही है। यहां एक पिता ने अपने बेटे को 9वीं क्लास में अच्छा रिजल्ट लाने पर ऐसी गिफ्ट दी है, जिसके बारे में सुनकर हर कोई हैरान है। पिता ने बेटे को करीब 2 करोड़ 30 लाख रुपये की BMW M4 Competition कार गिफ्ट में दे दी है।

मुंबई से खरीदी पसंदीदा कार, पूरा हुआ सालों पुराना सपना 

पूरा मामला गलसी के पाराज इलाके का है। यहां के रहने वाले व्यवसायी शमसुद्दीन मिद्या के बेटे मोहम्मद तलहा ने 9वीं कक्षा की अर्धवार्षिक परीक्षा में बहुत अच्छे नंबर लाए। बेटे की इस सफलता से पिता इतने खुश हुए कि उन्होंने बेटे का सालों पुराना सपना पूरा कर दिया। तलहा को लंबे समय से BMW M4 Competition कार चलाने का सपना था। बेटे की इच्छा पूरी करने के लिए शमसुद्दीन मुंबई तक गए और वहां से उसकी पसंदीदा कार खरीदकर लाए। अब ये कार उनके कार कलेक्शन में शामिल हो गई है। इस गिफ्ट के बाद से पूरे इलाके में इसी बात की चर्चा हो रही है कि परीक्षा में अच्छा करने पर किसी को इतनी महंगी कार भी मिल सकती है।

पिता का लग्जरी कार कलेक्शन और खास नंबर प्लेट  

शमसुद्दीन मिद्या को पहले से ही लग्जरी गाड़ियों का बहुत शौक है। उनके पास पहले से ही रेंज रोवर, वोल्वो, महिंद्रा थार और हुंडई अल्काजार जैसी कई बड़ी गाड़ियां हैं। अब इस लिस्ट में BMW M4 Competition भी जुड़ गई है। हालांकि इस बार कार उन्होंने अपने शौक के लिए नहीं, बल्कि बेटे के सपने के लिए खरीदी है। गाड़ियों के साथ-साथ उनके नंबर को लेकर भी शमसुद्दीन की खास पसंद है। उनकी कई गाड़ियों के नंबर के आखिरी तीन अंक 555 हैं। कहा जाता है कि ये नंबर बॉलीवुड एक्टर शाहरुख खान की गाड़ियों के नंबर से मिलता है।

सामाजिक काम और बेटे का फोकस पढ़ाई पर  

वहीं, शमसुद्दीन सिर्फ गाड़ियों के शौक के लिए नहीं जाने जाते। वे सामाजिक कामों में भी आगे रहते हैं और गरीब और जरूरतमंद लोगों की मदद करते हैं। कई बार वे बिना बताए भी लोगों की सहायता कर देते हैं। दूसरी तरफ, बेटे मोहम्मद तलहा ने कहा कि अभी उसका पूरा ध्यान पढ़ाई पर है। हां, हफ्ते में एक दिन वो इस नई कार में घूमने जरूर जाएगा, लेकिन उस दिन कार उसके पिता चलाएंगे और वो बगल में बैठकर सफर का मजा लेगा। अपने सपने को पूरा होते देख तलहा बहुत खुश है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here