रेलवे पार्सल में मांस की बड़ी खेप से मचा हड़कंप, 1,286 किलो संदिग्ध मांस बरामद

0
7

नई दिल्ली: रेलवे के पार्सल तंत्र के जरिए दिल्ली पहुंची मांस की एक बड़ी खेप ने सुरक्षा और जांच एजेंसियों में हलचल मचा दी। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की वाशिंग लाइन में दक्षिण एक्सप्रेस से पहुंची 20 थर्माकोल की पेटियों में करीब 1,286.35 किलोग्राम संदिग्ध मांस मिलने की सूचना पर रेलवे पुलिस और अन्य संबंधित विभाग तत्काल हरकत में आ गए। शुरुआती सूचना में मांस को कथित तौर पर गोमांस होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अब जांच एजेंसियों की नजर फॉरेंसिक रिपोर्ट पर टिकी है।

रेलवे सतर्कता विभाग की सूचना से खुला मामला

रेलवे डीसीपी बी भारतरेड्डी ने बताया कि 8 नवंबर को सुबह करीब 9 बजे रेलवे सतर्कता इकाई, बड़ौदा हाउस से सूचना मिली कि रेलवे के पार्सल के माध्यम से संदिग्ध मांस की खेप हजरत निजामुद्दीन रेलवे यार्ड पहुंची है। सूचना मिलते ही संबंधित जांच अधिकारी और थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पेटियों की जांच शुरू की।

हैदराबाद से दिल्ली पहुंचीं 20 पेटियां

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 12721 दक्षिण एक्सप्रेस के जरिए हैदराबाद से नई वाशिंग लाइन (निजामुद्दीन) तक कुल 20 थर्माकोल के कार्टन पहुंचाए गए थे। इनका कुल वजन लगभग 1,286.35 किलोग्राम बताया गया है। रेलवे रिकॉर्ड में इन पार्सलों की बुकिंग ‘मटन’ और ‘मीट’ के नाम से की गई थी। लेकिन खेप को लेकर मिली शिकायत के बाद इसकी वास्तविक प्रकृति की जांच जरूरी हो गई।

एफएसएल और पशु चिकित्सक करेंगे नमूनों की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम और पशु चिकित्सक को बुलाया गया। संदिग्ध सामग्री के नमूने एकत्र करने, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य सुरक्षित करने और ई-साक्ष्य सहित अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने की कार्रवाई शुरू की गई। मांस की वास्तविक पहचान और उसके प्रकार का पता वैज्ञानिक परीक्षण के बाद ही चल सकेगा। नमूनों की जांच रिपोर्ट से स्पष्ट होगा कि पेटियों में किस प्रकार का मांस था और शुरुआती आशंका में कितनी सच्चाई है।

जीआरपी और आरपीएफ की मौजूदगी में जांच जारी

घटनास्थल पर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीमें मौजूद रहीं। नमूने एकत्र करने के बाद नियमानुसार सामग्री के निस्तारण की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी। फिलहाल खेप की बुकिंग, परिवहन और उससे जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।

जांच रिपोर्ट पर टिकी निगाहें

करीब 1.3 टन वजन की इस खेप ने रेलवे पार्सल व्यवस्था की निगरानी को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले वैज्ञानिक जांच और संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन जरूरी है। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here