मामूली टक्कर ने लिया खूनी संघर्ष का रूप, जन्मदिन की पार्टी के बीच युवक की पीट-पीटकर हत्या!

0
7

नोएडा: मामूली सी टक्कर फिर कहासुनी देखते ही देखते विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया और जन्मदिन की खुशियां मातम में बदल गईं। थाना फेस-1 क्षेत्र के नया बांस गांव के पास स्थित एक पार्क में देर रात दो पक्षों के बीच हुए विवाद में 25 वर्षीय अमित की जान चली गई, जबकि उसका साथी शिवम गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 8 और 9 नवंबर की मध्यरात्रि को अमित (25 वर्ष) शिवम, यशपाल, आकाश और विनोद समेत कुछ युवक नया बांस गांव के पास स्थित पार्क में मौजूद थे। बताया जा रहा है कि जब ये युवक अपनी स्कूटी से वहां से जाने लगे, तभी स्कूटी एक अन्य युवक के पैर से टकरा गई। यह युवक अपने कुछ साथियों के साथ पार्क में ही अपने एक मित्र का जन्मदिन मना रहा था।

एक टक्कर से शुरू हुआ विवाद, सिर पर किए गए जानलेवा वार

स्कूटी की टक्कर को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि झगड़े के दौरान मारपीट हुई, जिसमें अमित के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि शिवम भी सिर में चोट लगने से घायल हो गया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से पार्क में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद अमित और शिवम के साथी दोनों को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने अमित को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल शिवम को बेहतर उपचार के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया। पुलिस के अनुसार, फिलहाल शिवम खतरे से बाहर है और उसका उपचार जारी है।

चार पुलिस टीमों का गठन, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश

घटना की सूचना मिलते ही थाना फेस-1 पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने मृतक अमित के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, प्राप्त लिखित शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

एडीसीपी नोएडा अभय कुमार मिश्रा ने बताया कि नया बांस गांव के पास पार्क में स्कूटी की टक्कर को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इस दौरान अमित और शिवम को सिर में चोटें आईं। अस्पताल में चिकित्सकों ने अमित को मृत घोषित कर दिया जबकि शिवम उपचार के बाद खतरे से बाहर है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here