नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के भदोही जिले से ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां दो भाइयों ने अपनी बड़ी बहन की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी। वजह सिर्फ इतनी थी कि बहन एक युवक से फोन पर बात करती थी, जो परिवार को पंसद नहीं था। हत्या के बाद घटना को आत्महत्या दिखाने के लिए माता-पिता की मदद से शव को फंदे पर लटका दिया गया। पुलिस ने शनिवार को इस मामले का खुलासा किया।
गोपीगंज के जखांव गांव की घटना
यह घटना गोपीगंज थाना क्षेत्र के जखांव गांव की है। अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने बताया कि तेरस बिंद की 21 साल की बेटी खुशी बिदं क शव 4 नवंबर को उसके घर में लटका हुआ मिला था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआत में यह मामला आत्महत्या का लग रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरी कहानी बदल दी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला राज
शुक्रवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साफ हुआ कि खुशी की मौत गला घोंटने से हुई थी और बाद में शव को फंदे से लटकाया गया था। रिपोर्ट के बाद पीड़िता के पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। कड़ाई से पूछताछ में 18 साल के सूरज बिंद और 15 साल के नाबालिग भाई ने हत्या की बात कबूल कर ली।
फोन पर बात को लेकर हुआ था विवाद
भाइयों ने पुलिस को बताया कि उनकी बहन एक युवक से फोन पर बात करती थी, जिसका परिवार विरोध करता था। 4 नवंबर को जब वह फोन पर बात कर रही थी, तो भाइयों ने आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और गुस्से में उन्होंने उसका गला घोंट दिया। मौत के बाद शव को घर के अंदर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। पुलिस दोनों भाइयों के खिलाफ आगे की कार्रवाई कर रही है।
रायबरेली में ऑनलाइन गेम की लत ने ली किशोर की जान
इधर, रायबरेली के जगतपुर थाना क्षेत्र के पूरे त्रिलोक सिंह गांव में 17 साल के किशोर प्रिंस पटेल की हत्या का भी शनिवार को खुलासा हुआ। पुलिस के मुताबिक, ऑनलाइन गेम की लत और पैसों के लालच में गांव के ही युवक रितुराज ने प्रिंस की गला दबाकर हत्या कर दी। आरोपी को पता था कि प्रिंस के बैंक खाते में काफी रुपये हैं। इसी रकम को हड़पने के लिए उसने हत्या की साजिश रची थी।
आर्केस्ट्रा देखने गया था प्रिंस
एएसपी पवन गौतम ने बताया कि 2 नवंबर की रात प्रिंस पूरे मोती गांव में आर्केस्ट्रा देखने गया था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। अगले दिन 3 नवंबर को उसका शव गांव के प्राथमिक विद्यालय के पीछे नाले में मिला। जांच में रितुराज की भूमिका सामने आई। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।












