बेंगलुरु में कैब ड्राइवर ने उजाड़ दिया पूरा परिवार, पत्नी और बेटा समेत ससुराल के 7 लोगों की हत्या का आरोप

0
6

नई दिल्ली: बेंगलुरु में पारिवारिक विवाद ने ऐसा खौफनाक रूप ले लिया कि एक ही परिवार के सात लोगों की हत्या का मामला सामने आया है। इस वारदात का आरोप कैब ड्राइवर इंदुशेखर पर है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपनी पत्नी समेत ससुराल के छह अन्य सदस्यों की हत्या करने का दावा किया है। फिलहाल सात वर्षीय पुनीत का शव मिला है, जबकि बाकी लोगों की तलाश जारी है।

शुरुआती जांच में पता चला है कि इंदुशेखर अपनी पत्नी सुनीता के मायके वालों से लगातार संपर्क रखने को लेकर नाराज था। दोनों की शादी करीब 20 साल पहले हुई थी और सुनीता के मायके जाने को लेकर अक्सर झगड़ा होता था। परिवार के लोगों ने सुलह कराने की कोशिश की, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ। पुलिस को शक है कि पत्नी को मां और भाइयों का समर्थन मिलना भी आरोपी की नाराजगी की वजह बना। वारदात राजाजीनगर थाना क्षेत्र में बसरूम सर्कल के पास 59वें क्रॉस के एक रिहायशी इलाके में हुई।

मृतकों की पहचान और हत्या का तरीका

पुलिस ने मृतकों की पहचान सुनीता, उसकी मां रूपवती, भाइयों शिवकुमार और शंकर, बहनों दिव्या और नलिनी तथा सात वर्षीय पुनीत के रूप में की है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने पहले सुनीता की हत्या की। इसके बाद दोनों सालों को पार्टी के बहाने घर बुलाकर मार डाला। फिर उनकी पत्नियों, अपनी सास और बच्चे की भी हत्या कर दी। सूत्रों के अनुसार, शेखर ने सिलबट्टे से सुनीता पर हमला किया और शव को कपड़े में लपेटकर नंदी हिल्स के पास फेंक दिया। उसने सुनीता का फोन बंद कर पड़ोसियों से कहा कि वह घूमने गई है। अगले दिन बाकी हत्याओं के बाद घर से खून के निशान मिटाने के लिए कथित तौर पर रसायनों का इस्तेमाल किया।

शिकायत के बाद खुला मामला, एक शव बरामद

गुरुवार को नलिनी की मां ने श्रीरामपुरा पुलिस स्टेशन में परिवार के सदस्यों के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस को हत्याओं का पता चला और इंदुशेखर को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने शव ले जाने में इस्तेमाल की गई कार और वारदात में इस्तेमाल सिलबट्टा भी जब्त किया है। नंदी हिल्स की तलहटी में करीब चार घंटे चले तलाशी अभियान के बाद पुनीत का शव बरामद हुआ। बाकी शवों की तलाश जारी है। पुलिस आरोपी के दावे की पुष्टि कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वारदात में किसी अन्य व्यक्ति, यहां तक कि उसकी बेटी की कोई भूमिका थी या नहीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here