उत्तर प्रदेश में गैरत के नाम पर कत्ल: सगे भाइयों ने छीन ली बहन की सांसें, फिर फंदे से लटकाया शव

0
5

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सामने आई हत्या की दो घटनाओं ने रिश्तों और इंसानी लालच पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। भदोही में प्रेम संबंधों से नाराज दो भाइयों पर अपनी ही बड़ी बहन की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप है। वारदात को आत्महत्या का रूप देने के लिए माता-पिता की मदद से शव को फंदे पर लटका दिया गया। वहीं रायबरेली में ऑनलाइन गेम खेलने की लत और पैसे के लालच में एक युवक ने गांव के ही 17 वर्षीय किशोर की कथित तौर पर हत्या कर दी। दोनों मामलों का पुलिस ने खुलासा किया है।

भदोही में बहन की हत्या कर शव को फंदे पर लटकाया

भदोही जिले के गोपीगंज थाना क्षेत्र के जखांव गांव में 21 वर्षीय खुशी बिंद की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया था। चार नवंबर को खुशी का शव उसके घर में फंदे से लटका हुआ मिला था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआत में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरे घटनाक्रम की दिशा बदल दी।

अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के अनुसार, शुक्रवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि युवती की मौत गला घोंटने से हुई थी। इसके बाद मृतका के पिता तेरस बिंद की शिकायत पर मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

फोन पर बात करने को लेकर हुआ था विवाद

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान खुशी के 18 वर्षीय भाई सूरज बिंद और उसके 15 वर्षीय नाबालिग भाई ने कथित तौर पर हत्या की बात स्वीकार की। आरोप है कि दोनों भाई अपनी बहन के एक युवक से फोन पर बातचीत करने का विरोध करते थे। परिवार को भी यह संबंध मंजूर नहीं था।

पुलिस के अनुसार, चार नवंबर को खुशी जब फोन पर उस युवक से बात कर रही थी, तभी भाइयों ने इसका विरोध किया। इसी बात को लेकर घर में विवाद बढ़ गया और कथित तौर पर दोनों भाइयों ने उसका गला घोंट दिया। युवती की मौत के बाद घटना को आत्महत्या साबित करने के इरादे से माता-पिता की मदद से शव को फंदे पर लटका दिया गया। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

रायबरेली में बैंक खाते की रकम के लिए किशोर की हत्या

दूसरी घटना रायबरेली जिले के जगतपुर थाना क्षेत्र के पूरे त्रिलोक सिंह गांव की है। यहां 17 वर्षीय प्रिंस पटेल की हत्या के मामले में पुलिस ने गांव के ही युवक रितुराज को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी को ऑनलाइन गेम खेलने की लत थी और उसे जानकारी मिली थी कि प्रिंस के बैंक खाते में काफी रुपये जमा हैं। इसी रकम को हासिल करने के लालच में उसने किशोर की हत्या की साजिश रची।

आर्केस्ट्रा देखने गया था प्रिंस, अगले दिन नाले में मिला शव

पुलिस के अनुसार, दो नवंबर की रात प्रिंस पटेल गांव के पूरे मोती में आर्केस्ट्रा देखने गया था। देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। अगले दिन यानी तीन नवंबर को उसका शव गांव के प्राथमिक विद्यालय के पीछे स्थित नाले में मिला। इसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की।

पूछताछ में सामने आई हत्या की वजह

शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के किरण हाल में मामले का खुलासा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक पवन गौतम ने बताया कि जांच के दौरान रितुराज की भूमिका सामने आई। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसे ऑनलाइन गेम खेलने की आदत थी और प्रिंस के खाते में जमा रकम की जानकारी मिलने के बाद उसने पैसे हासिल करने के लिए उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here