पत्नी से बेवफाई कबूलने के बाद Nvidia CEO जेनसन हुआंग की बढ़ीं मुश्किलें, तलाक हुआ तो गंवाने पड़ सकते हैं 7.8 लाख करोड़ रुपये!

0
5

नई दिल्ली: Nvidia के CEO जेनसन हुआंग इन दिनों निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। चीन के लिए जासूसी के आरोपों से जुड़ी एक महिला के साथ कथित रिश्तों के बीच उनकी शादी पर सवाल उठे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हुआंग ने पत्नी से बेवफाई स्वीकार की है। इसके बाद तलाक और संपत्ति बंटवारे की अटकलें तेज हैं। फोर्ब्स के अनुसार, 8 नवंबर 2026 तक हुआंग की संपत्ति करीब 162.2 अरब डॉलर थी। बराबर बंटवारे पर पत्नी लोरी हुआंग को लगभग 81.1 अरब डॉलर यानी 7.8 लाख करोड़ रुपये मिल सकते हैं। हालांकि, तलाक या संपत्ति बंटवारे की प्रक्रिया शुरू होने की पुष्टि नहीं हुई है।

Nvidia का मुख्यालय कैलिफोर्निया में है, जहां शादी के दौरान अर्जित संपत्ति को आमतौर पर पति-पत्नी की साझा संपत्ति माना जाता है। तलाक पर इसका बराबर बंटवारा हो सकता है। हालांकि, पूरी नेटवर्थ अपने आप आधी नहीं होती। शादी से पहले की संपत्ति, ट्रस्ट, कर्ज और वैवाहिक समझौते भी असर डाल सकते हैं।

शादी के आठ साल बाद शुरू की थी कंपनी

हुआंग ने 1985 में लोरी मिल्स से शादी की और 1993 में दो साथियों के साथ Nvidia की स्थापना की। उनकी संपत्ति का बड़ा हिस्सा कंपनी में हिस्सेदारी से आता है। कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक, तलाक की स्थिति में लोरी को 62.6 अरब डॉलर से अधिक मूल्य के Nvidia शेयर मिल सकते हैं। यह केवल अनुमान है।

बेजोस के तलाक से बड़ा हो सकता है समझौता

2019 में जेफ बेजोस और मैकेंजी स्कॉट के तलाक में स्कॉट को करीब 35.6 अरब डॉलर के अमेजन शेयर मिले थे। हुआंग के मामले में 81.1 अरब डॉलर का अनुमान सही हुआ, तो यह उससे बड़ा समझौता होगा। मीडिया रिपोर्ट्स में हुआंग को सिंगापुर की कंपनी मेगास्पीड से जुड़ी एलिस हुआंग के साथ कथित रिश्ते में जोड़ा गया है। कर्मचारियों को भेजे संदेश में उन्होंने पत्नी से बेवफाई स्वीकार की और कहा कि इससे परिवार को चोट पहुंची। हालांकि, उन्होंने एलिस का नाम नहीं लिया।

Nvidia के बोर्ड ने जांच शुरू की है कि क्या CEO विदेशी खुफिया अभियान का निशाना बने। कंपनी के मुताबिक, राष्ट्रीय सुरक्षा या गोपनीय जानकारी से समझौते का कोई संकेत नहीं है। अमेरिकी एजेंसियों का आरोप है कि एलिस को चीन की खुफिया एजेंसी ने जासूसी के लिए भेजा था। हुआंग ने आरोप खारिज किए हैं। ट्रंप ने उन्हें सम्माननीय व्यक्ति बताते हुए कहा कि उन्हें महिला की कथित गतिविधियों की जानकारी नहीं रही होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here