यूक्रेन से अमेरिका तक और शेख हसीना के पासपोर्ट पर भी सवाल, विदेश मंत्रालय ने क्या-क्या बताया?

0
7

नई दिल्ली: अमेरिका में हुए मिड-टर्म इलेक्शन वहां का इंटरनल मैटर हैं और इससे नई दिल्ली और वाशिंगटन के रिश्तों पर कोई असर पड़ने की उम्मीद नहीं है। विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को यह बात साफ की। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत-अमेरिका पार्टनरशिप को वाशिंगटन में मजबूत बायपार्टिसन सपोर्ट हासिल है और दोनों पक्ष इसे और आगे बढ़ाने के लिए कमिटेड हैं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बांग्लादेश की पूर्व पीएम शेख हसीना के पासपोर्ट एप्लीकेशन के मुद्दे पर MEA ने कहा कि इस सवाल को बांग्लादेश हाई कमीशन से पूछना बेहतर होगा, क्योंकि वे इस पर ज्यादा जानकारी दे सकेंगे।

रूस-यूक्रेन जंग पर भारत का रुख साफ

रूस-यूक्रेन संघर्ष पर भारत के रुख को दोहराते हुए MEA ने कहा कि डायलॉग और डिप्लोमेसी ही आगे बढ़ने का एकमात्र रास्ता है। हाल के महीनों में पीएम मोदी ने भी यह बात साफ की है कि अब इस जंग को जल्द खत्म होना चाहिए। रणधीर जायसवाल ने कहा, “आप जानते हैं कि कल PM मोदी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति से बात की थी। दोनों नेताओं ने अपने नजरिए, मानवीय संकट और इस संघर्ष को खत्म करने के विचारों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि भारत संघर्ष को खत्म करने में मदद करने के लिए तैयार है।” उन्होंने बताया कि भारत दोनों देशों के साथ लगातार संपर्क में है और अपने आइडिया शेयर कर रहा है।

हॉर्मुज में बिना रुकावट आवाजाही की मांग

होर्मुज जलडमरूमध्य के मामले पर प्रवक्ता ने कहा, “हम स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज के सुरक्षित, आजाद और बिना किसी रुकावट के आवाजाही की मांग लगातार करते आ रहे हैं। हम सभी संबंधित पक्षों के संपर्क में हैं ताकि आम नागरिक जहाजों और नाविकों पर हमले न हों। इसमें भारतीय झंडे वाले जहाज और भारतीय नाविक भी शामिल हैं।”

नेपाल के पीएम की भारत यात्रा पर बातचीत जारी

नेपाल के पीएम की भारत यात्रा को लेकर प्रवक्ता ने बताया कि भारत ने नेपाल के पीएम को विजिट का इनविटेशन भेजा है। यात्रा की तारीखों पर बातचीत चल रही है और डेट्स फाइनल होते ही जानकारी दी जाएगी। दोनों देशों के बीच काफी मजबूत और व्यापक संबंध हैं, इसलिए आपसी हित के कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।

ढाका को दिल्ली बताकर दिखाने पर MEA सख्त

ढाका की झुग्गी-बस्तियों से चीनी व्लॉगर्स के कथित तौर पर लाइवस्ट्रीमिंग किए जाने पर रणधीर जायसवाल ने कहा, “हमने इस संबंध में मीडिया रिपोर्टें देखी हैं। किसी देश की गलत तस्वीर पेश करने की ऐसी कोशिशें दुर्भाग्यपूर्ण हैं। ढाका को दिल्ली के रूप में दिखाने के लिए बाहरी लोगों को पैसे देकर इस्तेमाल करना गलत है। इस तरह के झूठे नैरेटिव फैलाने से केवल उन्हीं लोगों की विश्वसनीयता कम होती है जो ऐसा कर रहे हैं। मैं संबंधित अधिकारियों से आग्रह करूंगा कि वे ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करें।”

क्वाड पर प्रवक्ता ने कहा, “हाल ही में आपने देखा होगा कि क्वाड समिट के तहत कई उच्च-स्तरीय बैठकें हुई हैं। अटलांटा में G20 बैठक के दौरान विदेश मंत्रियों की भी एक बैठक हुई थी। हम आपको क्वाड की अन्य उच्च-स्तरीय बैठकों, जिसमें समिट स्तर की बैठकें भी शामिल हैं, के बारे में जानकारी देते रहेंगे।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here