गुवाहाटी: असम के गुवाहाटी में बुधवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा हो गया। दिगारू के पास कोलकाता से सैरंग जा रही कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस (13125) अचानक पटरी से उतर गई। हादसे के दौरान ट्रेन का इंजन और कई डिब्बे बेपटरी हो गए। सुबह करीब 6:54 बजे हुई इस घटना के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोगों के घायल होने की खबर है, जिन्हें इलाज के लिए आसपास के अस्पतालों में पहुंचाया गया है।
रेलवे से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ट्रेन के इंजन के अलावा करीब 6 से 7 डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसा इतना जोरदार था कि कुछ डिब्बे आपस में टकरा गए और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इसके चलते कई यात्रियों को चोटें आईं। कुछ यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हालांकि, घायलों की सही संख्या और उनकी स्थिति को लेकर अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
मौके पर पहुंची रेलवे और प्रशासन की टीमें
नॉर्दर्न फ्रंटियर रेलवे (NFR) को हादसे की जानकारी मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। दुर्घटना के तुरंत बाद राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया। रेलवे की ओर से एक रिलीफ ट्रेन भी मौके पर भेजी गई है, ताकि राहत कार्य में तेजी लाई जा सके। घटनास्थल पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF), पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें भी मौजूद हैं। बचावकर्मी क्षतिग्रस्त डिब्बों में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में जुटे हैं। साथ ही, सुरक्षित यात्रियों को दुर्घटनास्थल से हटाकर सुरक्षित जगह पर पहुंचाया जा रहा है।
रेलवे ने बताई हादसे की जानकारी
NFR के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस के पटरी से उतरने की घटना सुबह 6:54 बजे हुई। उन्होंने जानकारी दी कि शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, हादसे में अभी तक किसी की मौत की खबर नहीं मिली है। राहत और बचाव कार्य जारी है और अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
कई ट्रेनें प्रभावित, कुछ का बदला गया रास्ता
इस रेल दुर्घटना का असर दूसरे रेल परिचालनों पर भी पड़ा है। ट्रेन के कई डिब्बों के पटरी से उतरने के कारण संबंधित रेल मार्ग पर यातायात बाधित हो गया है। इसके चलते कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं, जबकि कुछ ट्रेनों को वैकल्पिक रास्तों से भेजा जा रहा है। रेलवे की टीमें पटरी को साफ करने और रेल यातायात सामान्य करने में जुटी हैं। फिलहाल हादसे की वजह का पता नहीं चल पाया है। रेलवे की ओर से जांच के बाद ही दुर्घटना के कारणों की जानकारी सामने आ सकेगी।












