कोलकाता एयरपोर्ट पर मुंबई जाने वाली फ्लाइट में हाईजैक की धमकी, टॉयलेट के शीशे पर मिला संदेश

0
7

नई दिल्ली: कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब मुंबई जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट में हाईजैक की धमकी मिलने की सूचना सामने आई। विमान के शौचालय में धमकी भरा संदेश लिखा मिला। संदेश पर नजर पड़ते ही पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को जानकारी दी। इसके बाद विमान को जांच के लिए रोक लिया गया।

धमकी की सूचना मिलते ही विमान को आइसोलेशन बे में पहुंचाया गया। यहां केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) और एयरपोर्ट के विशेष सुरक्षा अधिकारियों ने तलाशी अभियान शुरू किया। टीम ने विमान के अंदरूनी हिस्सों की बारीकी से जांच की। हालांकि, अब तक तलाशी में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। इसके बावजूद सुरक्षा एजेंसियां मामले को गंभीरता से ले रही हैं। तय सुरक्षा प्रक्रिया के तहत जांच की जा रही है, ताकि यात्रियों और विमान के चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

संदेश लिखने वाले की पहचान में जुटीं एजेंसियां

पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि विमान के शौचालय में धमकी भरा संदेश किसने लिखा था। इसके लिए फ्लाइट में सवार यात्रियों की सूची की जांच की जा रही है। साथ ही, एयरपोर्ट परिसर और विमान के अंदर लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। फिलहाल, मामले की जांच जारी है और धमकी के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। आगे की जानकारी का इंतजार है।

इंडिगो की फ्लाइट में भी मिला था धमकी भरा नोट

इससे पहले 7 नवंबर 2026 को बेंगलुरु से लखनऊ जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-451 में भी हाईजैक की धमकी वाला नोट मिला था। यह नोट केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सामने आया था। घटना के बाद एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई थी और विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी। नोट मिलने के बाद पायलट ने तुरंत संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। तय सुरक्षा प्रक्रिया के तहत फ्लाइट को वापस बेंगलुरु लाने का फैसला किया गया। विमान के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 पर उतरते ही सुरक्षा एजेंसियों और विमानन सुरक्षा अधिकारियों ने उसे अपने नियंत्रण में ले लिया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here