नई दिल्ली: अब दूध खरीदते समय ग्राहक पैकेट पर बने एक खास लोगो को भी देख सकेंगे। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने दूध और उससे बनने वाले उत्पादों की पैकेजिंग के लिए नया निर्देश जारी किया है। इसके तहत कंपनियों को तय डिजाइन वाला लोगो लगाना अनिवार्य होगा। यह नियम 1 जुलाई 2028 से लागू होगा। लोगो का न्यूनतम आकार पैकेट के मुख्य डिस्प्ले पैनल के क्षेत्रफल के आधार पर तय किया गया है।
FSSAI के इस फैसले में दूध के साथ उससे तैयार होने वाले अन्य डेयरी उत्पादों को भी शामिल किया गया है। इनमें कंपोजिट मिल्क प्रोडक्ट्स भी हैं। यानी जिन उत्पादों में दूध एक जरूरी सामग्री है, उनकी पैकेजिंग पर भी निर्धारित लोगो लगाना होगा। प्राधिकरण ने लोगो का डिजाइन तय कर दिया है। इसमें नीले रंग का चौकोर बॉक्स होगा और बीच में सफेद रंग की दूध की बूंद दिखाई देगी। सभी कंपनियों को इसी डिजाइन का इस्तेमाल करना होगा।
पैकेट के आकार के हिसाब से होगा लोगो
FSSAI ने पैकेट के मुख्य डिस्प्ले पैनल के क्षेत्रफल के अनुसार लोगो का न्यूनतम आकार निर्धारित किया है। छोटे पैकेट पर लोगो छोटा और बड़े पैकेट पर बड़ा रखना होगा। कंपनियां तय न्यूनतम आकार से बड़ा लोगो लगा सकती हैं, लेकिन उससे छोटा लगाने की अनुमति नहीं होगी। पैकेट के मुख्य डिस्प्ले पैनल के क्षेत्रफल के आधार पर लोगो का न्यूनतम आकार अलग-अलग होगा। जिन पैकेटों का क्षेत्रफल 100 वर्ग सेमी तक होगा, उन पर कम से कम 6 मिमी का लोगो लगाना होगा। 100 से 500 वर्ग सेमी तक के पैकेट पर इसका आकार 8 मिमी, 500 से 2500 वर्ग सेमी तक के पैकेट पर 12 मिमी और 2500 वर्ग सेमी से ज्यादा क्षेत्रफल वाले पैकेट पर कम से कम 16 मिमी रखना अनिवार्य होगा। कंपनियां चाहें तो इससे बड़ा लोगो लगा सकती हैं, लेकिन निर्धारित न्यूनतम आकार से छोटा लोगो नहीं लगा सकेंगी।
कब से लागू होगा नया नियम?
FSSAI ने इस संबंध में 6 नवंबर 2026 को अधिसूचना जारी की थी। 9 नवंबर 2026 को इसे भारत के राजपत्र में प्रकाशित किया गया। कंपनियों को नए नियम का पालन करने के लिए समय दिया गया है। यह बदलाव 1 जुलाई 2028 से प्रभावी होगा। इस नियम का मसौदा फरवरी 2025 में जारी किया गया था। उस समय लोगों से 60 दिनों के भीतर सुझाव और आपत्तियां मांगी गई थीं। मिली प्रतिक्रियाओं पर विचार करने के बाद FSSAI ने अंतिम संशोधन जारी किया है। नियम लागू होने के बाद दूध और संबंधित डेयरी उत्पादों की पैकेजिंग पर तय लोगो लगाना जरूरी होगा।












