छठ पूजा का महाप्रसाद जिसके बिना अधूरा है पर्व, घर पर ऐसे बनाएं कुरकुरा और स्वादिष्ट ठेकुआ प्रसाद

0
6

नई दिल्ली: पूर्वांचल और झारखंड के लोगों के लिए छठ सिर्फ त्योहार नहीं, एक एहसास है। 13 नवंबर से नहाय-खाय के साथ इस महापर्व की शुरुआत हो रही है। और इस पर्व की सबसे बड़ी पहचान उसका महाप्रसाद ठेकुआ है। कहा जाता है कि ठेकुए के बिना छठी मईया की पूजा अधूरी मानी जाती है। गेहूं के आटे, गुड़ और देसी घी से बना ये खस्ता प्रसाद, जिसकी सौंधी महक पूरे घर में फैल जाती है, वो ही छठ का असली स्वाद है। अगर आप भी पहली बार ठेकुआ बना रहे हैं, तो ये आसान रेसिपी आपके काम आएगी।

क्या-क्या चाहिए?

2 कप गेहूं का आटा, 3/4 कप बारीक टूटा हुआ गुड़, 3-4 बड़े चम्मच देसी घी, 1 छोटा चम्मच सौंफ, आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर, 2 बड़े चम्मच कद्दूकस किया हुआ सूखा नारियल, तलने के लिए घी और आधा कप पानी।

बनाने का सही तरीका

सबसे पहले आधा कप पानी गरम करके उसमें गुड़ डाल दें। गुड़ के पूरी तरह घुलते ही गैस बंद कर दें। इसकी चाशनी नहीं बनानी है, बस पानी में पिघलाना है। इसे ठंडा होने दें। अब एक बड़े बर्तन में आटा लें और उसमें देसी घी डालकर अच्छी तरह मसलें। इसे मोयन देना कहते हैं। जब आटा हाथ में मुट्ठी बांधने लगे, तो समझिए मोयन परफेक्ट है। यही ठेकुए को खस्ता बनाएगा। अब इसमें सौंफ, इलायची और नारियल मिला लें। इसके बाद ठंडे गुड़ वाले पानी को छानकर थोड़ा-थोड़ा डालते हुए आटा गूंथें। ध्यान रखें, ये आटा रोटी की तरह नरम नहीं, बल्कि सख्त होना चाहिए।

डिजाइन और तलने का तरीका

आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं। अगर आपके पास लकड़ी का पारंपरिक सांचा है तो उस पर घी लगाकर लोई को दबाएं। सांचा नहीं है तो टेंशन मत लीजिए, कांटे वाली चम्मच, छलनी या साफ टोकरी पर भी दबाकर सुंदर डिजाइन बना सकते हैं। अब कड़ाही में घी को हल्का गरम करें। आंच हमेशा धीमी या मीडियम रखें। तेज आंच पर ठेकुआ ऊपर से जल जाएगा और अंदर से कच्चा रह जाएगा। दोनों तरफ से सुनहरा होने तक पलट-पलट कर तलें।

गरम ठेकुआ थोड़ा नरम लगता है, लेकिन ठंडा होते ही एकदम कुरकुरा हो जाता है। इसे एयरटाइट डिब्बे में कई दिनों तक रख सकते हैं। तो इस छठ अपने हाथों से बने इस पवित्र प्रसाद से छठी मईया को भोग लगाएं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here